
– तीन आरोपी गोटन व चार आरोपी भोपालगढ़ क्षेत्र के रहने वाले
– पुलिस व डीएसटी ने किया गिरफ्तार
– ट्रक व लग्जरी वाहन सहित दो गैस कटर सिलेण्डर व एक एलपीजी सिलेंडर सहित औजार बरामद
नागौर जिले के मेड़तारोड कस्बे में नागौर- मेड़ता मार्ग पर स्थित एसबीआई के एक एटीएम को गैस कटर से काटकर ले जाने का प्रयास करने के मामले में मेड़ता रोड थाना पुलिस और डीएसटी ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से ट्रक व लग्जरी वाहन बरामद किया। वारदात में काम लिया गया लग्जरी वाहन दिसंबर माह में भोपालगढ़ से चोरी होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार सात आरोपियों में गोटन के तीन व जोधपुर जिले के भोपालगढ़ के चार आरोपी शामिल है।
इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि गोटन निवासी जाकिर हुसैन सांई (26), अमन साई (23), बबलूसिंह रावणा राजपूत (20), भोपालगढ़ निवासी मोहम्मद अली कुरैशी (22), पपूराम माली (32), भोपालगढ़ थानाक्षेत्र के ओस्तराचौराया निवासी अजीज तेली मुसलमान (22), अरटियां कला निवासी अकबर खां तेली मुसलान (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
यह सामान किया बरामद
पुलिस ने आरोपियों से बिना नंबरी लग्जरी वाहन, ट्रक व गैस कटर सिलेंडर, एक हथौड़ा, दो प्लास, दो चाकू, एक लोहे का पंच, एक पिस्टलनुमा लाइटर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर व एक एलपीजी सिलेंडर, एक नोजल पाइप आदि सामान बरामद किया है।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी कस्बे के बस स्टैण्ड व रेलवे गेट नंबर 101 के मध्य स्थित एसबीआई के एटीएम पर मंगलवार को रात साढ़े तीन बजे के करीब वाहन लेकर पहुंचे । आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर एटीएम के अंदर घुसे और गैस कटर से एटीएम को करीब 30 मिनट तक काटने का प्रयास किया। करीब चार बजे सूचना मिलने पर थानाधिकारी राधाकिशन मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस के आने की भनक लगने पर आरोपी वाहन में बैठकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल जिले भर में नाकाबंदी करवाई । मेड़ता से डीएसटी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दिनभर आस पास के सभी सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान के आधार पर तलाश करती रही। नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने मेड़ता पुलिस उपाधीक्षक रामकरण सिंह मलिण्डा, मेड़ता रोड थानाधिकारी राधाकिशन मीणा, डीएसटी टीम के उपनिरीक्षक विजयसिंह के नेतृत्व में टीमों का गठन किया । डीएसटी के उपनिरीक्षक विजयसिंह, कमलकिशोर, कालुराम, रामाकिशन, नरसीराम किलक, बलदेवराम, नरेश पारीक, मेड़ता रोड थाना के पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया।