नागौर जिले में भीषण गर्मी ने जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सड़कों पर न सिर्फ सन्नाटा पसर रहा, बल्कि लू की चपेट में आने से दर्जनों लोग बीमार हो गए। सुबह 9 बजे के बाद ही घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बुधवार को पारा 47 डिग्री पहुंच गया। खेतों में फसल बुआई की तैयारियों में लगे काश्तकार भी दोपहर के समय घरों में रहे। गर्म हवाओं के थपेड़े बेहाल करते रहे।
एक नजर में शहर का तापमान
समय 12 बजे- नकास गेट- 43 डिग्री
समय 12.53 बजे-किले की ढाल – 44 डिग्री
समय 1.35 बजे गांधी चौक – 44 डिग्री
समय- 2.20 बजे- केन्द्रीय बस स्टैंड क्षेत्र 46 डिग्री
समय- 3.30 बजे- मानासर चौराहा 45 डिग्री
बाजार सूने, मंडी में सन्नाटा
शहर के रेलवे स्टेशन रोड, कलक्ट्रेट चौराहा, मानासर चौराहा, नकास गेट, किले की ढाल, दिल्ली दरवाजा, केन्द्रीय बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, मूण्डवा चौराहा एवं कॉलेज रोड आदि क्षेत्रों में दोपहर में 12 बजे से लेकर शाम को करीब चार बजे तक सड़केसूनी रही। बाजारों में दुकानदार खाली बैठे नजर आए। लोग बार-बार पानी अपने चेहरे पर डालकर गर्मी से राहत पाने का जतन कर रहे थे।
बढ़ी गर्मी में जले पेड़
बढ़ते तापमान के बीच आसमान से बरस रही आग में पेड़ भी झुलसने लगे हैं। बीकानेर रोड, नया दरवाजा, कृषि मंडी रोड एवं मानासर चौराहा के पास कई बड़ेपेड़ों की पत्तियां झुलसी नजर आई।