नागौर. जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर पुरोहित ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग और आपूर्ति एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि खाद वितरण की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाएं।
मांग के अनुरूप कराएं आपूर्ति
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में खाद की अधिक मांग है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति करवाना सुनिश्चित करें तथा खाद वितरण की पारदर्शिता के लिए इसकी जानकारी नियमित रूप से विभाग को उपलब्ध कराई जाएं। जिला कलक्टर ने खाद वितरण के दौरान किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए सुरक्षा इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा संबंधी आवश्यकता होने पर पुलिस विभाग की सहायता से व्यवस्था की जाएगी। साथ ही खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग टीम द्वारा निगरानी रखना सुनिश्चित करें।
बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता, उनकी मांग और अधिक आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि खाद की आपूर्ति और वितरण की प्रक्रिया पर नजर रखते हुए समय पूर्व ही मांग का आकलन कर लिया जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह रहे बैठक में शामिल
बैठक में टास्क फोर्स सदस्य के रूप में पुलिस विभाग से उम्मेद सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार, अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) सीकर डॉ. होशियार सिंह, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) हरीश मेहरा, सहायक निदेशक शंकरराम सियाग, उप रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग के गंगाराम, तकनीकी सहायक राजेन्द्र मेड़तिया, इफको के जिला प्रबंधक रामस्वरूप, कृभको के क्षेत्रीय अधिकारी राकेश कुमार आदि मौजूद थे।
नागौर. जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक लेते हुए जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित