
टरकाने वाली सरकार गई, अब काम करके दिखाएं: चौधरी
-जिला परिषद की बैठक में बोले उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी
-अधिकारियों को दी काम करने की नसीहत
नागौर. प्रदेश में टरकाने वाली सरकार चली गई है इसलिए अब अधिकारी भी लोगों को टरकाने की प्रवृत्ति छोड़ लोगों के काम करने की आदत डालें। जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान हो ताकि एक समस्या को बार-बार दोहराना नहीं पड़े। उप मुख्य सचेतक व नावां विधायक महेन्द्र चौधरी ने जिला प्रमुख सुनीता चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला परिषद की साधारण सभा में यह बात कही। सभी कृषि जिंसों की खरीद किए जाने संबंधी मांग पर चौधरी ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर मुख्यमंत्री गहलोत ने दो बार प्रधानमंत्री को पत्र लिखा, लेकिन एक बार भी जवाब नहीं आया।
मुद्दों पर गंभीरता से हो कार्रवाई
चौधरी ने अधिकारियों के खुद के बजाय मातहत अधिकारियों को बैठक में भेजने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी आधी-अधूरी तैयारी के साथ बैठक में नहीं आए। आगामी बैठक में विभागीय अधिकारी खुद उपस्थित रहें, किसी प्रतिनिधि को बैठक में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सीएमएचओ के बैठक में नहीं आने की सदस्यों की शिकायत पर चौधरी ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि पता करवाओ की सीएमएचओ कितनी बैठकों में आए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी महत्वपूर्ण बैठकों में उठाए जाने वाले मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए।