नागौर. हरियाली अमावस रविवार को सिद्धि योग, रवि पुष्य योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग के साथ मनाई गई। इस मौके पर मंदिरों में जहां विविध धार्मिक कार्यक्रम हुए, वहीं पार्कों में भी महिलाओं ने झूला सवारी कर इसका लुफ्त उठाया। इस दौरान महादेव को कई जगहों पर विशेष अभिषेक किया गया।
हरियाली अमावस पर शहर का रंग बदला सा रहा। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर भगवान का पूजन करने में लगे रहे। शहर के नया दरवाजा हनुमान मंदिर, रघुनाथ मंदिर, बंशीवाला मंदिर, शिवबाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं के जयघोष से से पूरा परिसर गूंजता रहा। बंशीवाला मंदिर में पातालेश्वर रूद्राभिषेक संघ की ओर से महादेव का सुबह से ही विशेष अभिषेक किया गया। मूल प्रतिमा की जगह भीड़ ज्यादा होने के कारण बाहर परिसर में भी पार्थिव शिवलिंग बनाकर विभिन्न पदार्थों से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक किया गया। यहां पर सुबह दस बजे श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। मूल प्रतिमा वाले स्थान पर तो जाने की जगह ही नहीं थी। श्रद्धालुओं में महादेव के जयघोष के साथ जलाभिषेक करने की होड़ लगी रही। दोपहर में भी यही स्थिति रही। इसी ताऊसर रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड में भी 51 पार्थिव शिवलिंग बनाकर सामूहिक रूप से अभिषेक किया गया। यहां पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दोपहर में भी महादेव के अभिषेक के साथ श्रद्धालुओं का जयघोष गूंजता रहा। नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भी महादेव का विशेष अभिषेक किया गया। यहां पर सुबह आठ बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दोपहर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में महादेव का पूजन करने के साथ अभिषेक करने की होड़ लगी रही। इसी तरह वन विभाग परिसर में स्थित महादेव मंदिर में भी विशेष अभिषेक किया गया। पंडित सुनील दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक कराया। यहां पर भी श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण आस्था के रंग में रंगा रहा। गिनाणी तालब स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी महादेव का विशेष शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर पूजन किया। पूजन महेश दाधीच एवं शशिकांत शास्त्री ने कराया। इस दौरान भवानीशंकर सोनी, शुभम सोनी, दीपक सोनी, लक्ष्मीनारायण सोनी, मुकेश, रमेश, पंकज, चंद्रशेखर, दीपक एवं महेन्द्र आदि मौजूद थे।
पार्कों में रही भीड़
शहर के नेहरू उद्यान में महिलाओं की भीड़ लगी रही। यहां पर झूलने के लिए आई महिलाओं ने पार्क की बदतर हालत पर असंतोष जताया। कहीं पर टूटे झूले तो, कुछ झूलों की स्थिति बेहतर नहीं होने के कारण महिलाओं को काफी दिक्कतें हुई। पार्क में कई जगहों पर न केवल पानी भरा हुआ था, बल्कि झूलों में भी काइयां लगी हुई थी। हालांकि फिर भी आई हुई महिलाओं ने लहरिया नृत्य कर सामूहिक रूप से हरियाली अमावस मनाई। इस मौके पर महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुतियां भी दी। एक से बढकऱ एक भजन प्रस्तुत किए गए।