
नागौर. सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, सृजनात्मक विकास, आत्मविश्वास निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के भय को निकालने के लिए नागौर एसडीएम गोविन्दसिंहभींचर की ओर से शुरू किए गए नवाचार क्विज प्रतियोगिता ‘पहलाकदम’ का पहला चरण गुरुवार को पूरा हो गया।
उपखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के फाइनल संस्करण का खिताब जूनियर बच्चों ने जीत लिया, जबकि कलस्टर स्तर की प्रतियोगिता में ये बच्चे कभी भी प्रथम या द्वितीय नहीं रहे। दरअसल, फाइनल संस्करण में कलस्टर स्तर की क्विज प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान पर रही टीमों को बुलाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यायल, भाकरी के प्रधानाचार्य ने एसडीएम भींचर से सम्पर्क कर एक मौका उनकी स्कूल के बच्चों का आग्रह किया, जिसे एसडीएम ने स्वीकार कर लिया। भाकरी स्कूल के सभी बच्चे दसवीं कक्षा के हैं, जबकि अन्य टीमों के बच्चे 11वीं व 12वीं कक्षा के थे। गुरुवार को टाउन हॉल में आयोजित हुई फाइनल क्विज प्रतियोगिता में महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी मध्यम विद्यायल, भाकरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके 4 प्रतिभागियों को पारितोषिक के रूप में एप्पल आईपेड व दूसरे स्थान पर रहे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोरेरा के 4 प्रतिभागियों को पारितोषिक के रूप में सेमसंग के टेबलेट भामाशाह व नाहर माता मंदिर अठियासन के ट्रस्टी राजेश नाहर की ओर से दिए गए। इसके साथ समस्त प्रतिभागी विद्यार्थियों को शैक्षणिक गुणवत्ता के सुदृढ़ीकरण के लिए सामान्य ज्ञान, व्याकरण व एक आत्मकथा की 4 पुस्तकों के सेट का वितरित किया गया।
7 प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
इस शैक्षणिक नवाचार की शुभारम्भ जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने 11 नवम्बर 2024 को किया था। इसके तहत कलस्टर स्कूल पर आसपास के 5-6 सरकारी विद्यालयों की टीमों को शामिल करते हुए क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हर 15 दिन में करवाया गया। 7 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 48 टीमें शामिल हुई तथा कुल 192 विद्यार्थियों ने भाग लिया। दर्शक के रूप में कुल 1531 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। गुरुवार को आयोजित फाइनल संस्करण का शुभारम्भ एडीएम चम्पालाल जीनगर ने किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों का महत्वपू्र्ण योगदान रहा।
केरियर मार्गदर्शन चार्ट से मिलेगी हर सेवा की जानकारी
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में कलक्टर पुरोहित ने उद्बोधन देते हुए नवाचार की सराहना की। उन्होंने इस मौके पर उपखंड प्रधासन व शिक्षा विभाग की ओर से तैयार करवाए गए ‘केरियर मार्गदर्शन चार्ट’ का अवलोकन किया, जिसमें विद्यार्थियों को हर सरकारी सेवा के बारे में जानकारी दी गई है। एसडीएम भींचर ने बताया कि इस चार्ट को भविष्य में हर स्कूल में लगवाया जाएगा। एसडीएम भीचर ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास एवं मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से ‘पहलाकदम’ की नींव साबित होगी। इस प्रतियोगिता का द्वितीय संस्करण अगले शैक्षणिक सत्र में आयोजित करवाया जाएगा।