
नागौर. अजमेर जिले में हो रही लगातार बारिश का कहर नागौर जिले में दिखने लग गया। यहां आलनियावास के निकट लूनी नदी पर बनी रपट पानी के बहाव के साथ शनिवार को टूट गई। कोडिया मोड़ से एक तरफ रियांबड़ी और दूसरी तरफ टेहला थांवला के बीच बनी रपट के टूटने से आवागमन ठप हो गया। हालांकि नदी में बहाव तेज होने के बाद से ही प्रशासन ने लोगों की आवाजाही बंद कर दी थी। कोई वाहन नहीं निकले इसके लिए रपट के दोनों तरफ खाई खुदवा दी गई थी। रपट पिछले दिनों क्षतिग्रस्त हो गई थी। निरंतर बहाव के चलते शनिवार को दोपहर के समय करीब 50 फीट का हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। इधर, नदी में वर्षों बाद आए पानी को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण की ओर पहुंचे।