महिदपुर. समीप गांव भीमाखेड़ा में मंगलवार सुबह शिव मंदिर में भक्तों ने शिवलिंग से लिपटे नागराज को देखा तो आश्चर्य रह गए। ग्रामीण इसे चमत्कार मानने लगे। यह जानकारी मिलते ही नगर एवं ग्राम के श्रद्धालुजन की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नाग देवता की पूजा अर्चना कर दूध पिलाया। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बाहर रहने के बाद सांप चला गया।
भीमाखेडा में लगभग तीन माह से मुक्तेश्वर धाम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जहां विभिन्न भगवानों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु मुक्तेश्वर महादेव की पूजा करने के लिए पहुंचे। तो उन्होंने मुक्तेश्वर महादेव के शिवलिंग पर नाग देवता को बैठा हुआ देखा। यह सांप काफी समय से फन फैलाकर शिवलिंग पर बैठा रहा। जिसके बाद गांव में खबर फैलने लगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस चमत्कार के दर्शन करने लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने नाग देवता को दूध भी पिलाया। साथ ही महिलाओं ने पूजा पाठ भी किया। जिसके बाद सांप वहां से चला गया।