मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी और राजस्थान के पूर्व मंत्री हरीश चौधरी ने पत्रिका से खास मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसआई भर्ती रद्द होने से लेकर आरपीएससी में भ्रष्टाचार और अमीन खां की घर वापसी तक तमाम मुद्दों पर सवालों के जवाब दिए। अमीन खान की कांग्रेस में वापसी को लेकर हरीश चौधरी ने कहा कि धुर विरोधी भी अगर पार्टी में लौटते हैं तो यह कांग्रेस के लिए मजबूती का संकेत है।उन्होंने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि सबको मिलकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए। गोविन्द सिंह डोटासरा के बाद नए प्रदेशाध्यक्ष की दावेदारी पर पूछे गए सवाल पर हरीश चौधरी ने साफ कहा कि व्यक्ति से ज्यादा पार्टी बड़ी है। पद की होड़ लगाने से बेहतर है कि सभी मिलकर कांग्रेस को मजबूत करें। वहीं, एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर हरीश चौधरी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक हुआ था और इस पर राजनीति करने के बजाय पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। आरपीएससी की निष्पक्षता पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और कहा कि भर्ती में क्रेडिट लेने की होड़ नहीं होनी चाहिए। हरीश चौधरी ने साफ किया कि उनका मकसद किसी पद की राजनीति करना नहीं है, बल्कि पार्टी को मज़बूत करना है।