नीमच. नीमच पत्रिका के 13वे स्थापना दिवस पर शुक्रवार को जवाहर नगर स्थित ग्रीन बेल्ट पार्ट टू में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। इस दौरान छायादार, फलदार और औषधीय पौधे रोपे गए। पौधरोपण के साथ ग्रीन बेल्ट में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
शपथ ले पेड़ बनाने का लिया संकल्प
संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था के अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने बताया कि शुक्रवार को नीमच पत्रिका के स्थापना दिवस पर वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उन्होंने बताया कि पेड़ इस धरा का गहना है। सावन माह हरियाली महोत्सव में प्रकृति को संवारना हम सभी का दायित्व है। इसी उद्देेश्य को लेकर नीमच पत्रिका के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर ब्यूरो चीफ मुकेश सहारिया और संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था नीमच की सहभागिता में सुबह 7.30 बजे जवाहर नगर स्थित ग्रीन बेल्ट पार्ट टू में छायादार, फूलदार, फलदार औषधियुक्त विभिन्न प्रजातियों के नीम, आंवला, अर्जुन, गुलमोहर आदि के 11 पौधे रोपित किए। बागड़ी ने कहा कि पत्रिका से जुडक़र संस्था हर साल विभिन्न गतिविधियों का संचालन करती है। अमृतम् जलम् अभियान में भी बढ़-चढक़र भाग लेते हैं। पत्रिका के हरित प्रदेश अभियान से जुडक़र भी समय समय पर पौधरोपण किया जाता है। इतना ही नहीं रोपित पौधों को पेड़ बनाने का संकल्प भी लेते हैं। शुक्रवार को भी नीमच पत्रिका के स्थापना दिवस पर ‘जल बचाओ-पेड़ बचाओ-पेड़ लगाओ’ अभियान चलाकर वृहद स्तर पर पौधरोपण कर आमजन को जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर पत्रिका नीमच जिला प्रमुख ब्यूरो चीफ मुकेश सहारिया ने रोपित पौधो को पेड़ बनाने की शपथ दिलाई। पत्रिका के 13वें स्थापना दिवस पर पौधा रोपण अभियान में नवीनकुमार अग्रवाल, किशोर बागड़ी, डॉ. राकेश वर्मा, रमेश मोरे, कमल बंटी सोनी, बाबूलाल मेहता एडवोकेट, सतीश पंजाबी, मनीष जोशी, विजय जोशी आदि ने सहभागिता निभाई।