नीमच. दिव्यांगजनों की सेवा और सहायता करने में आत्मीय सुख और प्रसन्नता मिलती है। रेडक्रॉस पीडि़त मानवता की सेवा के कार्यों में जुटी हुई है। दिव्यांगजनों को रोजगार स्थापित करने के लिए हमेशा तैयार हूं। जरूरतमंद दिव्यांगों को जो स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद चाहते हैं वे आवेदन दें उनकी मदद की जाएगी।
यह बात विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कही। वे रेडक्रॉस में सक्षम संस्था की ओर से बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में 19 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क ट्रायसिकल वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिह चौहान ने कहा कि सक्षम संस्था पीडि़त मानवता की सेवा का पुनित कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मबल प्रदान करना ही सच्ची सेवा है। कलेक्टर दिनेश जैन ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए रेडक्रॉस व्दारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि दिव्यांग रथ के माध्यम से घर-घर, गांव-गांव पहुंच कर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। उनके यूडीआईडी कार्ड बनाकर वितरण का कार्य भी किया जा रहा है। सक्षम संस्था के संस्थापक प्रवण देसाई ने अमेरिका से वर्चुअली संवाद करते हुए कहा कि उनकी संस्था देश में अब तक 17 हजार दिव्यांगजनों तक मदद पहुंचा चुकी है। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थानों, कार्यालयों में दिव्यांगजनों की आसानी से पहुंच के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर ने 19 दिव्यांगजनों को ट्रायसिकल प्रदान की और दिव्यांगजनों का पुष्पहारों से स्वागत किया। संचालन पंकज मारू ने किया। सामाजिक न्याय विभाग के विनित दुबे ने आभार माना।