25 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार
बाइक सवार ट्रैफिक आरक्षक को बेलगाम डंपर ने टक्कर मार रौंदा, मौत
Play video

बाइक सवार ट्रैफिक आरक्षक को बेलगाम डंपर ने टक्कर मार रौंदा, मौत

देवास नाके से ड्यूटी कर घर की तरफ जा रहे थे, अन्य बाइक पर चल रहे साथी आरक्षक चिल्लाते रहे डंपर नहीं रूका, लापरवाह चालक ने बाइक सहित 15 फीट घसीटा

Google source verification

इंदौर, लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के देवासनाका चौराहे पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक जवान की सोमवार को एक्सीडेंट में दर्दनाक मौत हो गई। आरक्षक और उनका साथी ड्यूटी खत्म होने के बाद अलग बाइक से घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में बेलगाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार आरक्षक को पीछे से टक्कर मार रौंद दिया। लापरवाह चालक मौके से फरार हो गया। साथी की सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारी देर तक जांच करते रहे।

पुलिस के मुताबिक अजय शर्मा 24 निवासी भागीरथपुरा की एक्सीडेंट में मौत हुई है। दोपहर को एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही जोन-2 डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा, एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह, ट्रैफिक डीसीपी अरविंद तिवारी व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। सभी ने पाया कि डंपर के नीचे आरक्षक शर्मा बाइक सहित फंसे हैं। डंपर का लापरवाह चालक मौके से फरार है। साथी पुलिसकर्मी ने एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले आरक्षक के शव को निकाला। डीसीपी विश्वकर्मा ने बताया कि खालसा चौक से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर की ओर आने वाले मार्ग पर एक्सीडेंट हुआ है। आरक्षक अजय शर्मा व उनके साथी चेन सिंह देवासनाके से ड्यूटी कर भागीरथपुरा स्थित अपने घर जा रहे थे। दोनों अपनी बाइक चला रहे थे। स्कीम 136 के समीप पहुंचते ही एक हल्का ब्लाइंड टर्न आता है। दोनों वहां बाइक से पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार डंपर आया। लापरवाह चालक ने डंपर से आरक्षक अजय की बाइक को पीछे से टक्कर मारी। उस दौरान आरक्षक बाइक सहित गिरे और डंपर के पहिए की चपेट में आ गए। उनका सिर पहिए की चपेट में आ गया था। जिससे उनकी मौके पर जान चली गई थी। वहीं एक्सीडेंट के तुरंत बाद डंपर का चालक भाग निकला।