भीलवाड़ा। जिले के फूलियाकलां गांव में बड़ा वज्रपात हुआ है। जयपुर सड़क दुखांतिका में फूलियाकलां के एक ही परिवार के चार जनों की मौत के बाद सोमवार सुबह अंतिम संस्कार में शामिल होकर खारी नदी में नहाने उतरे सात जने बहाव में बह गए। इनमें चार को बचा लिया गया। जबकि दो की डूबने से मौत हो गई। एक युवक की तलाश की जा रही है। घटना फूलियाकलां गांव में हुई। बड़ी दुखांतिका से फूलियाकलां गांव शोक में डूब गया। हर तरफ मातम पसर गया। एसडीआरएफ टीम को बुला लिया गया है। टीम नदी में तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार फूलियाकलां निवासी अशोक वैष्णव उनकी पत्नी सीमा, बेटा रोहित तथा पोता गजराज पुत्र रोहित रिश्तेदारों के साथ हरिद्वार में अिस्थयां विसर्जित करने गए थे। वहां से वापस कार से वापस लौट रहे थे। जयपुर में प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के पास रिंग रोड पर शनिवार रात हाइवे के बीच बने गेप से नीचे बने अंडरपास में कार गिर गई जहां बारिश का पानी भरा था। हादसे में कार में सवार सात जनों की मौत हो गई। मृतक अशोक और उसका परिवार भी शामिल थे। अशोक और उसके परिवार के चार जनों का शव सोमवार तड़के फूलियाकलां पहुंचा।
बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीण निकट ही बह रही खारी नदी में नहाने गए। नदी का बहाव तेज था। उसमें सात जने बह गए। चीख पुकार सुनकर अन्य ग्रामीण बचाने के लिए नदी में कूदे। इनमें से चार को बचा लिया गया। जबकि फूलियाकलां निवासी बद्री चंद माली व महेंद्र माली की डूबने से मौत हो गई। उनके शव को बाहर निकाला गया। एक युवक की तलाश की जा रही है। घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
जयपुर के शिवदासपुरा थाना इलाके में रिंग रोड से गिरकर शनिवार तड़के घटित कार दुर्घटना में फूलिया कलां क्षेत्र के चार जनों की मौत हो गई थी। जिनका सोमवार सुबह गमगीन माहौल में धानेश्वर रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया था।
अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पास ही के गांव खेड़ा हेतम के पांच जने दाह संस्कार के बाद शुद्धीकरण हेतु नहाने के लिए पास बह रही खारी नदी में नहाने उतरे थे इस दौरान नदी के तेज बहाव में पांच युवक डूब गए।
खेड़ा हेतम निवासी महेंद्र माली पुत्र रामेश्वर माली उम्र 25 वर्ष और बरदी चंद पुत्र द्वारका माली 34 वर्ष की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव फूलिया कलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया हैं।वहीं महेश पुत्र राधेश्याम शर्मा उम्र 40 वर्ष नदी के तेज बहाव में बह गया जो लापता है उसकी तलाश की जा रही।
राकेश पुत्र महादेव माली और जीवराज पुत्र रामेश्वर माली , पनोतिया निवासी मुकेश पुरी गोस्वामी, विजय प्रताप सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी सूपा तहसील केकड़ी जिला अजमेर का उपचार फूलिया कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है।