
अहमदाबाद. शहर में सोमवार को एक ही दिन में हुई लगभग छह इंच बारिश के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात हो गए। जगह-जगह पानी भरने के कारण वाहनों का आवागमन कई जगहों पर बंद हो गया। सड़कों पर भरा पानी मानों नदी या स्विमिंग पूल लग रहे थे। जगह-जगह वाहन बंद होने के कारण लोग काफी परेशान नजर आए। कई जगह तो ऐसी हैं जहां दूसरे दिन भी पानी भरा रहा। मंगलवार को भी शहर में औसतन एक इंच से अधिक बारिश हुई। मंगलवार को भारी बारिश के कारण शहर के अधिकांश अंडरब्रिजों को बंद करना पड़ा। उधर, वासणा बैरेज के 19 दरवाजे भी खोलने पड़े। साबरमती नदी में छोड़े जा रहे 21 क्यूसेक पानी के कारण निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
इन इलाकों में पानी ही पानी
अहमदाबाद शहर में सोमवार सुबह छह बजे से मंगलवार शाम छह बजे तक ( 36 घंटे में) औसतन साढ़े सात इंच (180 मिलीमीटर) बारिश हो चुकी है। इस अवधि में मणिनगर, नरोडा क्षेत्रों में 10 से 11 इंच बारिश हो गई। रखियाल, रामोल में नौ-नौ इंच से अधिक बारिश हुई है। ओढव, जोधपुर, साइंससिटी व गोता क्षेत्रों में साढ़े आठ इंच, टैगोर हॉल, उस्मानपुर, कठवाड़ा, दूधेश्वर व मेम्को इलाकों में सात से साढ़े सात इंच तक बारिश दर्ज की गई। चांदखेड़ा, सरखेज, विराटनगर, निकोल, कठवाड़ा, सरखेज क्षेत्रों में पांच से छह इंच तक बारिश हुई।
बंद करने पड़े नौ अंडरब्रिज
शहर में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण अखबारनगर, मीठाखली अंडरब्रिज, उस्मानपुरा अंडरब्रिज, सायोना चांदलोडिया अंडरब्रिज, परिमल अंडरब्रिज, मकरबा स्थित एलसी-25, शाहीबाग अंडरब्रिज, मणिनगर में दक्षिणी अंडरब्रिज तथा त्रागड में उमाभवानी अंडरब्रिज को बंद करना पड़ा। हालांकि इनमें से दक्षिणी अंडरब्रिज व सायोना चांदलोडिया अंडरब्रिज दूसरे दिन भी बंद रहा।
वासणा बैरेज के 19 गेट खोले
वासणा बैरेज के 19 गेट खोलने पड़े हैं। साबरमती नदी में नर्मदा की मुख्य नहर से 11605 क्यूसेक तथा संत सरोवर से 12262 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वासणा बेैरेज में पानी के स्तर को बनाए रखने के कारण 19 गेट खोले गए हैं। इनमें से 15 दरवाजे तीन-तीन फीट तो चार दरवाजे चार-चार फीट तक खोले गए हैं।