
भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पहली बार शाहपुरा जिले का दौरा था। पहली बार ही कोटड़ी में भगवान श्री चारभुजा नाथ के दर्शन के लिए कोटड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। पंडित नरेश शर्मा, सत्यनारायण पाराशर, महावीर पाराशर, बालमुकंद पाराशर, सूर्यप्रकाश व घनश्याम पाराशर ने पूजा अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने ठाकुरजी के चरणों में लिफाफा रखा। इसमें पांच सौ रुपए थे।
कोटड़ी मेंं आयोजित सभा में सीएम चालीस मिनट तक मंच पर रहे। भाषण के दौरान शर्मा ने कई बार गो माता का जिक्र किया और सनातन धर्म की बात की। उनके भाषण के दौरान लगातार बारिश होती रही। बड़ी संख्या में मौजूद गो भक्तों व आरएसएस कार्यकर्ताओं ने भी भाषण के दौरान कई बार गो माता के जयकारे लगाएं। शर्मा ने कहा कि इस धरती में मां तो है ही, लेकिन हम गो माता व गंगा माता की भी पूजा करते हैं। मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पर्वत के कन्हैया के उठाने की कहानी भी बताई।
गोशाला का अवलोकन
शर्मा बाद में वाहनों के काफिले के बीच सुरभि गोशाला पहुंचे। यहां गोशाला का अवलोकन किया। उन्होंने गोशाला में गोवंश की पूजा कथावाचक राधाकिशन महाराज के सानिध्य में की। इसके बाद गो चिकित्सालय की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण भी किया। शर्मा ने गो शाला की व्यवस्था व चिकित्सा व्यवस्था की सराहना की। कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और मशीनों से गोवंश का और बेहतर उपचार हो सकेगा।
बारिश में उड़ा हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री भजनलाल जयपुर से हेलीकॉप्टर से रवाना हो हेलीपेड पहुंचे। यहां से भगवान चारभुजानाथ मंदिर गए। इसके बाद गो चिकित्सालय का शुभारम्भ व विभिन्न लोकार्पण किए। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद फिर हेलीपेड पर पहुंचे। बारिश के बीच वह हेलीकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान शाहपुरा कलक्टर राजेन्द्रसिंह शेखावत व पुलिस अधीक्षक राजेश कांवत आदि मौजूद रहे।
मंच से नहीं हुई कोई घोषणा
सीएम शर्मा ने भीलवाड़ा व शाहपुरा जिले के साथ ही कोटड़ी श्याम के लिए गुरुवार को किसी प्रकार की राहत की घोषणा नहीं की। खासकर कोटड़ी श्याम के भक्त व गो पालक काफी निराश हुए। कोटड़ी में लोगों ने कहा कि मंच से कोटड़ी श्याम के विकास के लिए बड़ी घोषणा की उम्मीद थी।
लादू को नहीं मिलने दिया सीएम से
महज साढ़े तीन फीट लम्बे 49 वर्षीय रोपां निवासी लादू गुर्जर मुख्यमंत्री से मिलने की उम्मीद लिए कोटड़ी श्याम आया। मंदिर परिसर से लेकर सभास्थल तक भीतर घुसने की कई बार कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे मिलने नहीं दिया। इसी प्रकार टोडारायसिंह से भी गो भक्तों ने सीएम से मिलने की कोशिश की। उन्हें भी रोक दिया गया। उनका कहना था कि गांव में एक गोशाला को जबरन तोड़ा जा रहा है। वह सीएम को बताने यहां बाइक से आए थे।
खुल गए कई छाते
सीएम के गोशाला से बाहर निकलने के दौरान बारिश तेज हो गई। ऐसे में अधिकारियों ने छाते मंगवा लिए। छाते से सीएम को कार तक लाया गया। सभा के दौरान बारिश और तेज हो गई। मंच के नीचे का हिस्सा पानी से भर गया। लेकिन मंच के वाटरफूफ होने से अतिथि सुरक्षित रहे।
शाहपुरा व भीलवाड़ा का जिक्र
मुख्यमंत्री ने शाहपुरा जिले में विकास कार्यों की भी चर्चा की और कहा कि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र के समुचित विकास के लिए बजट में कई घोषणाएं की हैं। शर्मा ने भाषण में शाहपुरा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी जिक्र किया। कहा कि हर नागरिक को अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने भीलवाड़ा जिले में भी विकास की बात कही।
यह रहे मौजूद
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, सांसद दामोदर अग्रवाल, जिला प्रमुख हरजी देवी भील, राज्य सभा सदस्य राजेन्द्र गहलोत, महापौर राकेश पाठक, विधायक गोपीचंद मीणा, गोपाल खण्डेलवाल, उदयलाल भडाणा, लादूलाल पितलिया, जब्बरसिंह सांखला एवं अशोक कोठारी, , भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा व प्रधान करण सिंह बलवा, अंकुर बोरदिया, अविनाश जीनगर, नंदलाल गुर्जर, मुकेश शर्मा, राजकुमार आंचलिया, भगवानसिंह, सुरेन्द्रसिंह मोटरास समेत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, गो भक्त मौजूद रहे। गोशाला समिति अध्यक्ष लादूलाल जाट ने आभार जताया।
अवस्थी लगे कतार में
तीन बार के पूर्व विधायक विठ्ठलशंकर अवस्थी भी भीलवाड़ा की विभिन्न समस्याओं के लिए ज्ञापन देने कोटड़ी पहुंचे। सीएम से मिलने के लिए कतार में रहे और मुलाकात के दौरान समस्याएं बताई।