12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

पशुओं के 2 अवैध बाड़ों पर निगम की कार्रवाई, बाड़ों से गाय लेकर जा रही निगम की टीम पर हमला

-गम्भीर और बड़ी कार्रवाई के वक्त भी मौजूद नहीं थे अपर आयुक्त रोहित सिसौनिया इंदौर, बुधवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने दत्त नगर और सूर्यदेव नगर में बने पशुओं के अवैध बाड़ों पर कार्रवाई की। टीम जब यहां से गाय लेकर निगम की गोशाला जा रही थी, तभी रास्ते में निगम की टीम […]

Google source verification

-गम्भीर और बड़ी कार्रवाई के वक्त भी मौजूद नहीं थे अपर आयुक्त रोहित सिसौनिया

इंदौर, बुधवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने दत्त नगर और सूर्यदेव नगर में बने पशुओं के अवैध बाड़ों पर कार्रवाई की। टीम जब यहां से गाय लेकर निगम की गोशाला जा रही थी, तभी रास्ते में निगम की टीम पर 100 से अधिक लोगो ने हमला कर दिया। गाड़ियों में तोड़फोड़ की, इस हमले में निगम के आधा दर्जन कर्मचारी घायल हो गए। वहीं एक दर्जन से अधिक गाड़ियां छतिग्रस्त हो गई। निगम कर्मचारियों ने हमले का आरोप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लगाए। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद इस मामले में पुलिस केस दर्ज हुआ। कार्रवाई में देरी होने और मौके पर रिमूवल विभाग के अपर आयुक्त के मौजूद नहीं होने पर कर्मचारियों ने नाराजगी जाहिर की।

कर्मचारियों ने पशु क्रूरता और कार्यकर्ताओ से अभद्रता की

बजरंग दल के विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर ने बताया कि नगर निगम की टीम गोशाला और बाडा तोड़ने आई थी। इसके बाद निगम की गाड़ियों में गायों को भरा जा रहा था, जबकि इस गाड़ी में सिर्फ 7 पशुओं को ही ले जाया जा सकता है। लेकिन इसके बाद भी क्रूरता पूर्वक गायों को गाडियों में भरा जा रहा था। इस पशु क्रूरता का बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया तो निगम कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की,और हाथापाई की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कुछ हाथापाई की, नगर निगम इन दिनों अत्याचार और क्रूरता कर रहा है।

पुलिस के साए में गाय गोशाला भेजी

कार्रवाई के बाद करीब तीन किलोमीटर निगम की टीम निकल कर फूटी कोठी पर पहुंची थी, तभी हमला हुआ, इस दौरान कुछ गायों को वह छुड़ाकर ले गए, जिन्हें ज़ोन पर बांधा गया, इसमें से आनन फानन में टीम पशुओ से भरी गाडियों को लेकर निगम मुख्यालय पर पहुंची। यहां से एमजी रोड थाना पुलिस ने सुरक्षा के लिए लिए थाने से करीब 10 पुलिस कर्मियों की टीम भेजी। पुलिस साए में इन गायों को निगम की गाड़ियों से रेशम केंद्र स्थित गोशाला भेजा गया। निगम कर्मचारियों को इस बात का डर सता रहा था कि कहीं फिर से बजरंग दल के कार्यकर्ता हमला न कर दे।

पहले कई बार रुकी कार्रवाई

जानकारी है कि जिस जगह निगम की टीम ने कार्रवाई की है, वहा आसपास के कॉलोनी के रहवासी परेशान थे। रहवासी संघ ने इसके लिए कई बार शिकायत भी की थी। निगम की टीम ने कई बार कार्रवाई की योजना बनाई, लेकिन हर बार कार्रवाई रुकवाने के लिए दवाब आया, और टीम ने कार्रवाई रुकवा दी। लेकिन बुधवार तडके कार्रवाई के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त शिवम वर्मा ने ग्रीन सिग्नल दिया था। इसी का नतीजा रहा कि टीम ने सुबह 9 बजे से पहले ही कार्रवाई पूरी कर ली थी। अवैध बाड़ों को तोड़ने के बाद जब गाय लेकर जा रहे थे तभी बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हमलाकर गायों को छुड़ाकर ले गए।

कर्मचारियों का दबी जुबान अपर आयुक्त पर गुस्सा

घटना के बाद निगम मुख्यालय पर सभी जोन के अधिकारी कर्मचारी एकत्रित हुए। इस दौरान टीम के कर्मचारियों में आक्रोश था कि जब वह बड़ी कार्रवाई करने गए, जो कि संवेदनशील श्रेणी में शामिल है, इस कार्रवाई के वक्त अपर आयुक्त रोहित सिसौनिया गायब थे। टीम पर हमला होने के कई घंटो बार सिसौनिया अस्पताल और फिर आयुक्त के साथ मुख्यालय पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने कहा कि कार्रवाई के वक्त तो अधिकारी कहते है कार्रवाई करके आना नहीं तो सस्पेंड कर दिया जाएगा। लेकिन कार्रवाई के दौरान ही जब हमला हो गया तो उन्हें कम से कम मौजूद तो रहना चाहिए था। हमले में घायल निगम के रिमूवल विभाग के कर्मचारी, राहुल, रितेश, और कुणाल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें एक के हाथ में फ्रेक्चर है, निगमायुक्त शिवम वर्मा घायल कर्मचारियों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। यहां उनके परिजनों से बात की और उनके उपचार को बन्दोबस्त कराने के निर्देश दिए।

कड़ी कार्रवाई होगी

जोन 21 में सूर्यदेव नगर में 3 हजार और दत्त नगर में 4 हजार वर्गफीट में अवैध तरीके से पशुओं के बाड़े बनाए गए थे। सुबह 9 बजे यह कार्रवाई पूरी हो चुकी थी, लेकिन जब बाड़ों से निकाली गई गाय और अन्य पशुओं को लेकर निगम की गोशाला जा रहे थे। तभी रास्ते में कोई निगम की टीम पर हमला हुआ, इसमें निगम कर्मचारी चोटिल हुए है। और गाड़ियां भी छतिग्रस्त हुई । घायल निगम कर्मचारियों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह स्थिर है, इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

शिवम वर्मा, निगमआयुक्त

मामले की जांच और कड़ी कार्रवाई

निगमकर्मियों पर किया गया हमला अनुचित है, और मे पूरे प्रकरण की जाँच करने एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाही के निर्देश दिये है –

पुष्यमित्र भार्गव, महापौर