भीलवाड़ा। फाल्गुनी मौसम की बयार। उड़ती गुलाल और फाग की धमाल। खाटूश्याम के गीतों की बहती लहरियों में झूमते भक्त। मौका था राजस्थान पत्रिका के 70वां स्थापना दिवस पर फोगात्सव-2025 का। राजस्थान पत्रिका और श्याम प्रेमी ग्रुप बापूनगर के तत्वावधान में पुर रोड िस्थत पुरानी आरएसईबी कॉलोनी में हुआ आयोजन शनिवार रात यादगार बन गया। कार्यक्रम के दौरान फूलों की बारिश ने माहौल को पूरी तरह भक्ति के साथ होली के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खाटू श्याम बाबा का अलौकिक दरबार रहा। इसे श्याम प्रेमी ग्रुप महिला मंडल संयोजिका लता वर्मा, सपना भाटी, रीना राठौड़ व शीतल वर्मा ने खाटू श्याम के गीतों के बीच सजाया।
भजन गायक राकेश वर्मा, रणजीत सिंह भाटी व अजय गौड़ ने बाबा श्याम के खूबसूरत भजनों को एक के बाद एक प्रस्तुत कर मौजूद अपार जन समूह को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस दौरान ” साथी हमारा कौन बनेगा, कीर्तन की है रात बाबा, हारे का तू है, खाटूवाले तू हमेशा मेरे साथ रहे, खाटू वाले श्याम मैं, तेरा हो गया, नीले घोड़े वाले बाबा, बाबा तू है सहारा संवारा….जैसे गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। नन्हे भजन गायक सार्थक वर्मा ने ” हारा हूं बाबा” से लोगों का दिल जीत लिया। भजनों व गीतों के बीच फाग का रंग भी छाया रहा। गुलाब के फूलों की बारिश हुई तो उड़ी गुलाल के बीच फाग खेला गया। कार्यक्रम में बच्चों की झांकी की प्रस्तुति खास रही। यहां देवांशी एवं अंबिका भाटी के राधा-कृष्ण के रूप ने सभी का मन मोहा। बालाजी की झांकी भी विशेष रही। कार्यक्रम में श्याम ग्रुप के राकेश कुमार जैन, मुकेश लक्षकार, प्रदीप वर्मा, गौरव सौरभ, अनामिका सोमी एवं लक्ष्मी शर्मा का भी सहयोग रहा।