
रायपुर (भीलवाड़ा). अति विशिष्ट व्यक्ति दिखने की चाहत में विधायक पुत्र का पिता की जगह सरकारी कार्यक्रम में पहुंचना चर्चा का विषय बन गया। मामला शनिवार को भीलवाड़ा जिले रायपुर क्षेत्र के बोरियापुरा में 68वीं व्रत स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता (14 वर्ष) के उद्घाटन समारोह का है। इसमें सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया मुख्य अतिथि थे।
विधायक समारोह में नहीं आए। उनके बेटे विजय पितलिया कार्यक्रम में पहुंचे। तब विधायक का सरकारी गार्ड विजय की सुरक्षा में तैनात था। इधर, सरकारी गार्ड लेकर बेटे के समारोह में पहुंचने के बारे में पूछने पर विधायक लादूलाल ने कहा कि मैं अभी बेंगलूरु हूं। विधायक ने फोन काट दिया जबकि पुत्र विजय ने कहा कि वह तो समारोह में अपने पिता को लेने गया था।
पुत्र ने भी पिता की तरह फोन काट दिया और आगे सवालों के जवाब देना मुनासिब नहीं समझा। उद्घाटन जिला प्रमुख बरजी देवी भील ने किया। सरपंच देवीलाल जाट व रोशनलाल सालवी, खंड मुख्य शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा आदि मौजूद थे।