भीलवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर सिकन्दर रंगरेज उर्फ लाॅटरी को सोशल मीडिया पर थाने के गेट के बाहर रील बना कर वायरल करना भारी पड़ गया। पुलिस ने ना केवल उसे गिरफ्तार किया वरन अन्य अभियुक्त के साथ शहर में पैदल परेड निकाली। पुलिस ने इसके जरिए संदेश दिया कि जो अपराध करेगा और आमजन को धमकाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। परेड के दौरान दोनों बदमाश आइंदा अपराध नहीं करने की बात कहते हुए जनता से गलती की माफी भी मांग रहे थे।
पुलिस के अनुसार कांवाखेड़ा कच्ची बस्ती निवासी सिकन्दर रंगरेज उर्फ लाॅटरी कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर कुल 14 मामले हैं। वर्ष 2022 के जानलेवा हमले एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरण में कोर्ट ने हाल ही उसका गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शहर में ही है। उसका वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह कोतवाली थाने के गेट के बाहर खड़ा होने के साथ जेल से बाहर आने की बात कह रहा है।
कोतवाली थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि सिकंदर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने एवं वीडियो वायरल होने की जानकारी सामने आने पर मंगलवार रात उसकी तलाश में दबिश दी। अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसी प्रकार पंचवटी निवासी काना ओड़ को गत माह मारपीट व धमकाने के मामले में गिरफ्तार किया गया। दोनों को अवकाशकालीन कोर्ट गंगापुर में पेश किया गया। यहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।