13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

जनसुनवाई : साहब… हमारी जमीन, खेत, मकान खरीद लो, हमारा जीना दूभर हो गया

-परियोजना की राखड़, पानी से हो रही बीमारियां, खेत बने दलदल, की शिकायत

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jul 16, 2025

साहब हमारी जमीन, खेत और मकान खरीद लो और हमें मुआवजा दिलवा दो, ताकि हम दूसरी जगह अपना जीवन यापन कर सके। संत सिंगाजी परियोजना की राखड़, पानी के रिसाव से हमारा जीवन दूभर हो गया है। खेत दलदल बन गए है, दूषित पानी और राखड़ से बीमारियां भी हो रही है। यह कहना था मंगलवार को जनसुवाई में आए मूंदी तहसील के रामविलास उर्फ बबलू चौहान का।

बेटी को हुए चर्म रोग को दिखाया
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई के तहत नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के निर्देश दिए। मूंदी तहसील के भुरलाय निवासी रामविलास उर्फ बबलू पिता विक्रमसिंह चौहान ने सीईओ जिपं को बताया कि सिंगाजी ताप परियोजना के राखड़ प्लांट से हो रहे पानी के रिसाव से उनका ढाई एकड़ का खेत दलदल बन गया है। उडऩे वाली राखड़ से उसे और उसके पिता को पथरी हो गई है। रिसाव का पानी कुएं में मिल रहा है, जिससे परिवार को चर्म रोग की शिकायत भी हो गई है। बबलू ने अपनी बेटी को हुए चर्म रोग को भी दिखाया। जिपं सीईओ ने तुरंत ही अस्पताल भेजकर उसकी जांच कराने और जांच रिपोर्ट देने की बात कही।

ये मामले भी आए जनसुनवाई में
जनसुनवाई में ग्राम दोंगलिया निवासी मीराबाई ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उसका विद्युत मीटर जल गया है, और मीटर के अभाव में बिजली का बिल बहुत अधिक आ रहा है। कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को नया मीटर लगवाने के निर्देश दिए। ग्राम निहालवाड़ी निवासी सुमित ने अपना आधार पंजीयन ना होने संबंधी समस्या बताई। कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस प्रबंधक को समस्या को दूर कर पंजीयन करवाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सहायक कलेक्टर श्री कृष्णा सुशीर, अपर कलेक्टर केआर बड़ोले, संयुक्त कलेक्टर एसआर सोलंकी और रमेश खतेडिय़ा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।