शहर में दोपहर करीब 12 बजे से पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई। स्कूटर, बाइक और कार लेकर लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन शाम में भीड़ अचानक बढ़ गई। पुलिस लाइन िस्थत पेट्रोल पंप पर दोनों तरफ दूर तक लोगों वाहन लेकर लाइन में लगे रहे। यहां एक समय से 300 से अधिक लोग मौजूद रहे। सिविल लाइन क्षेत्र में जनपद कार्यालय के सामने दोनों पेट्रोल पंप भारी भीड़ देखी गई। इसी तरह से गौरीकुंज के सामने भी पेट्रोल पंप पर यही हाल रहे। इधर पंधाना रोड पर सब्जी मंडी के सामने, इंदौर रोड पर नाके पास सहकारी विभाग के पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल भरवाने के लिए लोग लाइन में लगे रहे।
परेशानी से बचने के लिए भरवा रहे पेट्रोल
पेट्रोल भरवाने पहुंची अंकिता का कहना है कि अफवाह है या सच यह नहीं पता लेकिन अगर यह सच निकला तो परेशानी हो सकती है। इसलिए स्कूटी का टैंक फूल करवा लिया है। निगम कर्मी अजय सारसर कहा कि परेशानी से बचने के लिए बाइक में पेट्रोल फुल करवाया है। अगर कुछ नहीं भी होता है तो यह काम आएगा। पेट्रोल भरवाने आए लोग इसी तरह से अलग-अलग प्रतिक्रिया देते रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे हालत न बने। अफवाह सच निकली तो परेशान होना पड़ेगा।
कर्मचारियों ने कहा अफवाह से बढ़ी भीड़
पेट्रोल पंप पर काम करे कर्मचारियों ने कहा कि अब तक की नौकरी में यह पहला अनुभव है जब लोग इतनी संख्या में एक साथ पेट्रोल भरवाने आए हैं। हमने लोगों से कहा भी की पर्याप्त पेट्रोल है, लेकिन लोग नहीं मान रहे। हम भी किसी को ज्यादा नहीं बोल रहे हैं,जो जितना कहता है उतना पेट्रोल भर देते हैं। अभी पेट्रोल को लेकर किसी तरह के निर्देश नहीं आए हैं।
– पेट्रोल-डीजल की कहीं कोई कमी नहीं हैं, अफवाह के चलते लोग पैनिक हो रहे हैं। इसी वजह से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ी है। हम लोगों को समझाइश भी दे रहे हैं कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। – प्रकाश नरेड़ी, अध्यक्ष पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन
जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल व डीजल है। विभाग सभी कंपनियों के सेल्स अधिकारियों से संपर्क में है। साथ ही डीपो से लगातार सप्लाई भी हो रही है। हमारी टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। लोगों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। – दिनेश सावले, जिला आपूर्ति अधिकरी।