प्रति मंगलवार होने वाली जनसुनवाई में जहां एक ओर लोग अपनी समस्याएं कलेक्टर को सुना रहे थे। वहीं, दूसरी ओर एक नन्ही बालिका और बालक कलेक्टर को धन्यवाद देने पहुंचे। ताइक्वांडो खिलाड़ी अदिति इंदौरे और अंशु इंदौरे ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता को गुलाब के फूल देकर कहा थैंक्यू सर… साई सेंटर में कोच की व्यवस्था करा दिजिए या धार, भोपाल सेंटर में प्रवेश दिलवा दिजिए। कलेक्टर ने पूरी मदद का आश्वासन दिया।
मामला यह है कि स्पोटर्स एथॉर्टी ऑफ इंडिया (साई) का खंडवा में विस्तार (एक्टेंशन) सेंटर है। लंबे समय से यहां कोच नहीं है। साई में प्रशिक्षण ले रही 11 वर्षीय बालिका अदिति इंदौरे और बालक अंशु इंदौरे वर्तमान में इंडोर स्टेडियम में चल रहे नि:शुल्क ताइक्वांडो सेंटर में कोच शैलेंद्र से कोचिंग ले रहे है। अदिति की माता ममता इंदौरे ने 12 अगस्त को जनसुनवाई में पहुंचकर अदिति के स्टेट चैंपियनशीप में शामिल होने के लिए गुहार लगाई थी। जिस पर कलेक्टर ने उसकी मदद की थी। अदिति ने अहमदाबाद स्टेट चैंपियनशीप में गोल्ड लाकर सीबीएसई नेशनल गेम्स में अपनी जगह बनाई। पिछले दिनों अदिति ने यूपी के इटावा में हुई नेशनल चैंपियनशीप में गोल्ड और अंशु ने सिल्वर मेडल हासिल किया है।
एसजीएफआइ नेशनल के लिए हुआ चयन
सीबीएसई नेशनल गेम्स में गोल्ड जीतने के साथ ही अदिति का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) नेशनल चैंपियनशीप के लिए हुआ है। आगामी दिनों में ये प्रतियोगिता असम के गुहावटी में होना है। पिछली बार की मदद के लिए आभार प्रदर्शन के साथ ही अदिति की माता ममता इंदौरे ने कलेक्टर से आगामी नेशनल गेम्स के लिए मदद करने और साई कोच की व्यवस्था करने की मांग की।