13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एलपीजी उत्पादन में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी, प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं, सीएम का बड़ा बयान

LPG- इधर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने जिला कलेक्टर्स से समीक्षा बैठक कर जरूरी निर्देश दिए

3 min read
Google source verification
CM Mohan Yadav stated that there is no shortage of gas in MP

CM Mohan Yadav stated that there is no shortage of gas in MP (File photo- Patrika)

LPG- मध्यप्रदेश में कई जगहों पर कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर के लिए मारामारी मच रही है। गैस एजेंसियोें के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। इधर सीएम मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है, इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मिडिल ईस्ट-एशिया में युद्ध की स्थितियों के संदर्भ में सरकार सजग है। नागरिकों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, केंद्र और राज्य सरकार ने गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए पूरे प्रबंध किए हैं। नागरिकों को रसोई गैस संबंधी कोई परेशानी नहीं होगी। सीएम मोहन यादव ने केंद्र सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि वर्तमान में एलपीजी LPG उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस सहित पीएनजी और सीएनजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इधर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने जिला कलेक्टर्स से समीक्षा बैठक कर जरूरी निर्देश दिए।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस के संबंध में सीएम मोहन यादव ने बताया कि अभी तक अधिकांश कच्चे तेल की आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होती थी। अब अन्य स्थानों से भी कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा एक विशेष उपलब्धि प्राप्त हुई है कि जिसमें ईरान ने भारत को विशेष अनुमति देते हुए कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले ऐसे जहाज एवं टेंकर जिनमें भारतीय फ्लेग लगे हैं उनको नहीं रोका जाएगा। इससे पेट्रोलियम सप्लाई में बाधा समाप्त होगी।
इसके साथ ही देश की रिफाइनरी उच्चतम क्षमता पर कार्य कर रही है।

प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक आपूर्तिकर्ता के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया जारी है। घरेलू पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बिना कटौती के हो रही है। रिफाइनरी को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वर्तमान में एलपीजी उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि भी हुई है। गैस आपूर्ति प्रबंधन के लिए प्राकृतिक गैस नियंत्रण आदेश जारी किया गया है, जिससे देश में किसी भी प्रकार की घरेलू गैस की आपूर्ति में कमी न हो।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि उपरोक्त स्थितियों के अनुक्रम में प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, एटीएस, क्रूड ऑयल और घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है तथा निरंतर आपूर्ति जारी है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं हुई है। स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ मंत्रियों की समिति का गठन भी किया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कमिश्नर-कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ एलपीजी सहित अन्य ईंधन की उपलब्धता की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में डीजीपी कैलाश मकवाना और एसीएस शिवशेखर शुक्ला एवं रश्मि अरूण शमी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टर्स से कहा कि घरेलू गैस वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था को और मजबूत करें तथा इससे जुड़ी कंपनियां भी सर्वर आदि की क्षमता बढाएं जिससे रिफिल बुकिंग ओटीपी जनरेशन और वितरण बिना असुविधा के सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने गलत सूचनाओं का प्रसार और अफवाहों को सख्ती से रोकने और उपभोक्ताओं तक मीडिया आदि का उपयोग कर सही सूचना पहुंचाने को भी कहा।

कई कलेक्टर्स द्वारा होटल्स, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन आदि के संचालकों से बात कर रसोई गैस की जगह इलेक्ट्रिक भट्टी और इंडेक्शन आदि का उपयोग बढ़ाने के प्रयासों की मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सराहना की। उन्होंने विभिन्न शहरों में पीएनजी के कनेक्शन की जानकारी ली और कलेक्टर्स से कहा कि वे अधिकाधिक उपभोक्ताओं को पाइप लाइन गैस प्रणाली से जोड़ें।

पेट्रोलियम, सीएनजी, पीएनजी गैस की आपूर्ति लगातार जारी

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरूण शमी ने बताया कि प्रदेश में एलपीजी सहित पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रदेश के सीएनजी स्टेशन एवं पीएनजी उपभोक्ताओं के उपयोग के लिए एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। प्रदेश मे पेट्रोलियम, सीएनजी, पीएनजी गैस की आपूर्ति लगातार जारी है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में एलपीजी की लगातार उपलब्धता है। शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों को वाणिज्यिक सिलेंडर के उपयोग की छूट प्रदान की गई है।