
– आरोपी जेल प्रहरी व उसके साथियों को लेकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में रात में चेकिंग कर चौकी पर लौट रहे एसआइ से झूमाझटकी, मारपीट करने वाले जेल प्रहरी सहित 2 आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। गुरुवार को पुलिस टीम आरोपियों को उस स्थान पर लेकर पहुंची, जहां एसआइ से अभद्रता की थी। इस दौरान सभी आरोपी गिड़गिड़ाकर बोलने लगे कि साहब गलती हो गई, अब कभी ऐसा नहीं करेंगे। उधर, अवकाश पर आए जेल प्रहरी के वारदात में लिप्त होने के संबंध में अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को पत्र भेज अनुशासनात्मक कार्रवाई का जिक्र किया है।
टीआइ सियाराम सिंह गुर्जर ने बताया, आरोपी विकास 27 पिता रमेश डाबी निवासी शिवकंठ नगर बाणगंगा और उसके साथी रवि नायक को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा था। गिरने से दोनों चोटिल हो गए। उपचार के बाद टीम दोनों को वारदात स्थल लेकर पहुंची। वहां दोनों कहते रहे कि साहब गलती हो गई…कभी ऐसा नहीं करेंगे। आरोपी विकास डाबी ने बताया, वह जोबट उपजेल में प्रहरी है। छुट्टी पर इंदौर आया था। उसकी अनुकंपा नियुक्ति लगी थी। आरोपी विकास के जेल प्रहरी होने और थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज होने के संबंध में जेल प्रबंधन को पत्र व्यवहार कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। केस में 2 अन्य आरोपियों की तलाश है। पता चला है कि आरोपी अरविंद लिफ्ट संबंधित कार्य करता है, वहीं आरोपी विकास परमार प्लास्टिक चूड़ी बनाता है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।