इंदौर. अन्नपूर्णा थाने की पुलिस की लापरवाही सामने आई है। थाना क्षेत्र में रिटायर्ड बीएसएनएल अधिकारी के घर के बाहर खड़ी कार के कांच बदमाश फोड़ गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बावजूद थाना प्रभारी ने अधिकारियों को जानकारी तक नहीं दी। मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने पीड़ित को एसीपी ने दफ्तर बुलाया और मामला गंभीरता से लेने के आदेश दे दिए।प्रिकांको कॉलोनी निवासी पीड़ित प्रमोद शर्मा ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी से पत्नी के साथ तीर्थयात्रा पर थे। 20 जनवरी को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनकी कार (एमपी 09 सीएस 4973) के कांच टूटे हुए हैं। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखा कि रात 3.18 बजे दो स्कूटर सवार बदमाशों ने सड़क से ब्लॉक उठाकर कार के कांच फोड़े हैं। 21 जनवरी को परिवार लौटा तो उन्होंने देखा कि कार के आगे-पीछे और ड्राइवर साइड के कांच बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे। फुटेज में आरोपी कॉलोनी के मेन रोड से चाणक्यपुरी चौराहे की ओर भागते नजर आए। वारदात की सूचना पड़ोसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी। हालांकि, पुलिस मौके पर पहुंचने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।एसीपी शिवेंदू जोशी के मुताबिक, रिटायर्ड बीएसएनएल अधिकारी प्रमोद शर्मा की कार बदमाशों ने फोड़ दी है। मामले में जानकारी मिलने के बाद पीड़ित को थाने बुलाकर संपर्क किया जा रहा है। एफआईआर करने के निर्देश दिए है। घटना की सूचना मिलने पर बीट जवान घटना स्थल पर पहुंच गए थे। घटना के सीसीटीवी फुटेज मिले है।