– पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर. बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे परिवार पर बदमाशों ने देर रात चाकू से जानलेवा हमला करने के बाद पथराव कर दिया। देर रात परिवार की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी क्षेत्र के लिस्टेड बदमाश हैं। पुलिस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद आरोपियों ने वारदात कर दी।
घटना शनिवार देर रात चंदन नगर थाना क्षेत्र के गंगा नगर कॉलोनी की है। परिवार के साथ बेटी का जन्मदिन मनाकर लौट रहे अल्केश पर आरोपी रोहित (24) मराठा निवासी द्वारकापुरी, आयुष उर्फ भोला (21) निवासी पंचमूर्ति नगर, जितेंद्र राठौर (23) निवासी धर्मराज कॉलोनी और एक 19 वर्षीय साथी ने हमला कर दिया था। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस वारदात स्थल पर लेकर पहुंची। तीनों बदमावों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई तो आरोपी माफी मांगने लगे।
यह था विवाद
जानकारी के मुताबिक गंगा नगर में आरोपियों ने बाइक सड़क पर खड़ी कर रखी थी। जब अल्केश के ने बाइक साइड करने के लिए कहा तो मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश ने चाकू से अल्केश पर वार किया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके कारण आरोपी भागने लगे और कार पर पथराव कर दिया। एक पत्थर अल्केश के पिता को लगा। एडिश्नल डीसीपी आनंद यादव के मुताबिक आरोपियों पर पूर्व से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर किया जा चुका है। अब बाउंड ओवर उल्लंघन की कार्रवाई अलग से की जा रही है।