
इंदौर. लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम बेलगाम ट्रक ने दोपहिया सवार महिला को टक्कर मारने के बाद कई दुकानों को रौंद दिया। घटना देख लोग ट्रक चालक पर आक्रोशित हो गए। यह देख चालक फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
प्रत्यक्षदर्शी रवि के मुताबिक, शाम करीब 5.30 बजे खालसा चौक पर बापट चौराहे की ओर से आ रहा ट्रक अचानक बेलगाम हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सबसे पहले दोपहिया चला रही महिला को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। ट्रक इसके बाद भी नहीं रुका। चौपाटी की तरफ तेजी से बढऩे लगा। चपेट में आने के डर से दुकान संचालक काउंटर से कूदकर भागे। हालांकि, ट्रक ने करीब तीन गुमटीनुमा दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। कई दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। अफरा-तफरी मचने की सूचना पर पुलिस पहुंची। लोगों ने घायल महिला के लिए 108 एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन मदद नहीं मिली। इस पर घायल को ऑटो से पास के हॉस्पिटल लेकर गए। टीआइतारेश सोनी के मुताबिक, ट्रक जब्त किया है। उसका चालक फरार है। संभवत: ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। घायल महिला का उपचार चल रहा है।