
महाकुंभ मेला के चलते अहमदाबाद रेल मंडल की आय में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है। पिछले तीन माह में ही अहमदाबाद मंडल को करीब 529.36 करोड़ रुपए की आय हुई। जहां नवम्बर में 167.62 करोड़ रुपए की आय हुई। वहीं दिसम्बर में 175.29 करोड़ और जनवरी में 186.45 करोड़ रुपए की हुई। उधर, रेलवे अधिकारियों ने जनवरी में विशेष टिकट जांच मुहिम भी चलाई है।
बेटिकट सफर करते 9126 को पकड़ा
अहमदाबाद के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनु त्यागी के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक अमित गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टिकट जांच अभियान चलाने को लेकर अलग-अलग टीमें गठित की गई।
जनवरी में रेलवे अधिकारियों ने अपनी टीम के साथ अहमदाबाद मंडल के अलग-अलग रेल मार्गों विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया। इस मुहिम का उद्देश्य यह रहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। 25 जनवरी से 3 फरवरी के बीच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से यह जांच की गई, जिसमें 9126 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया और उनसे 64.25 लाख रुपये का दंड वसूला गया।
प्रयागराज महाकुंभ मेले के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसके चलते रेलवे की आय में अच्छी-खासी वृद्धि हुई है। एक रेलवे अधिकारी के मुताबिक मौजूदा समय में अहमदाबाद मंडल को हर माह औसतन 170 करोड़ रुपए की आवक होती है। महाकुंभ मेले के चलते लोगों ने दिसम्बर से ही एडवांस बुकिंग कराई है, इसके कारण नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है।