मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि मजबूत औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण गुजरात भारत का पेट्रो कैपिटल- पेट्रो हब बना है। देश के केमिकल्स-पेट्रोकेमिकल्स निर्यात का 31 फीसदी हिस्से के साथ गुजरात देश का प्रमुख निर्यातक राज्य है। वे भारत सरकार के रसायन व उर्वरक और रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग की ओर से मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया केम-2024 के पहले दिन संबोधित कर रहे थे।इस द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन के 13वें संस्करण में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और मध्य प्रदेश और ओडिशा के मुख्यमंत्री की उपस्थिति में गुजरात के सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से गुजरात में विकसित दहेज पेट्रोलियम, केमिकल्स एवं पेट्रोकेमिकल्स इन्वेस्टमेन्ट रिजन विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ केमिकल्स-पेट्रोकेमिकल्स उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। गुजरात रंग और इंटरमीडिएट्स के उत्पादन में 75 फीसदी का योगदान देता है। बेसिक केमिकल से लेकर विशेष केमिकल, पॉलिमर, फर्टिलाइजर, डाईज़ और पिगमेंट्स जैसे सेक्टर में भी गुजरात ने महारत हासिल की है।