
मेहंदीपुर बालाजी. दौसा और गंगापुर जिले की सीमा पर पाड़ला जीएसएस पर बीती रात अघोषित बिजली कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों ने कर्मचारियों को कमरों में बंद कर करीब 4 घंटे तक जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर कई कर्मचारी तो जीएसएस छोड़कर मौके से भाग छूटे। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं टोडाभीम तहसीलदार के साथ कुछ ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की भी कर डाली। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारी धक्का-मुक्की करने की बात से इंकार कर रहे हैं। करीब चार घंटे की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जीएसएस से धरना समाप्त किया। इसके बाद रात डेढ़ बजे फिर से विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी।