
पन्ना. खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने पिछले दिनों पन्ना प्रवास पर आए कम्प्यूटर बाबा के अवैध उत्खनन रोकने संबंधी बयान पर पलटवार किया है। रविवार को पन्ना पहुंचे मंत्री जायसवाल ने कहा कि कम्प्यूटर बाबा धार्मिक व्यक्ति हैं। वो अपनी बाबागिरी करें। हमारे खनिज विभाग से उनका कोई लेनादेना नहीं है।
सरकार के लिए चिंता की बात
कम्प्यूटर बाबा के बयान के 24 घंटे के अंदर ही खनिज मंत्री ने पलटवार किया है। प्रदेश के दो मंत्रियों द्वारा इस प्रकार से मीडिया में दिए गए बयानों से सरकार के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है। सरकार के दो मंत्रियों की इस प्रकार की बयानबाजी पार्टी में गुटबाजी को भी प्रदर्शित करती है।
पन्ना में होगा डायमंड पार्क
मंत्री जायसवाल शाम करीब 5 बजे पन्ना के महेंद्रभवन पहुंचे। वहां उन्होंने महेंद्र भवन का अवलोकन करने के साथ ही मीडियाकर्मियों ने बात भी की। कहा कि पन्ना के विकास और यहां की लंबे समय की मांग को देखते हुए पन्ना में डायमंड पार्क स्थापित किया जाएगा। क्षेत्र को डायमंड सेंटर के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक साल में डायमंड पार्क तैयार हो जाएगा। इसमें महेंद्र भवन के बेसमेंट में हीरों की कटिंग, प्वालिसिंग, ज्वेलरी मेकिंग और जूलरी विक्रय का काम भी होगा।

यह कहा था बाबा ने
प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नदी न्यास के अध्यक्ष कम्प्यूटर बाबा ने शनिवार को पन्ना में कहा था कि प्रदेश सरकार ने नदियों का जिम्मा बाबाओं को सौंपा है तो बाबा भी उनके विश्वास पर खरे उतरेंगे। नदियों से रेत का अवैध उत्खनन रोकने के लिए बाबाओं की चार टोली बनाई गई है। प्रत्येक टोली में ढाई से तीन सौ बाबा होंगे। ये बाबा रेत का अवैध खनन रोकने के लिए नदियों के घाटों पर 10-15 दिनों तक डेरा डाले रहेंगे। किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने देंगे।
