प्रतापगढ़. विश्व में शांति प्रदान करने वाले प्रभु महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव धर्म नगरी प्रतापगढ़ में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया गया। महावीर जयंती महोत्सव समिति के संयोजक संजय वगेरिया ने बताया कि प्रभात की शुभवेला में सुबह बजे श्री गुमान जी के मंदिर से प्रभात फेरी लोहार गली, गोपालगंज, सूरजपोल, सदर बाजार होते हुए श्री नया मंदिर जी पर पहुंची प्रभात फेरी के अंदर जैन धर्मावलंबियों ने प्रभु महावीर की भक्ति भजनों के साथ करते हुए भाग लिया। इसके बाद सोहन लाल वगेरिया परिवार की ओर से प्रभावना वितरित की गई।
चल समारोह में उमड़े लोग
सकल जैन समाज के प्रबुद्ध जन, बालक, वृद्ध ,पुरुष एवं महिलाएं बड़े ही उत्साह के साथ सुबह 9 बजे श्री नया मंदिरजी पर एकत्रित हुए। जहां से भव्य चल समारोह प्रारंभ हुआ। समारोह के प्रभारी सकल जैन युवा मंच समिति की व्यवस्था में आगे आगे ध्वज पताका लहराती गाडिय़ां थी। जिनके पीछे ऊंटों पर सवार जैन पताका लिए बच्चे बैठे हुए थे। उसके पीछे बैंड की मधुर धुनों पर थिरकते हुए युवा जन प्रभु महावीर के जयकारे लगाते हुए जोश के साथ चल रहे थे। यह भव्य चल समारोह लाव लश्कर एवं लवाजमा के साथ नगर के लोहार गली, गोपालगंज, गांधी चौराहा, सूरजपोल, सदर बाजार,माणक चौक होते हुए श्री गुमान जी मंदिर जी पर पहुंचा। गोपालगंज में नवरत्न परिवार की ओर से आकर्षक साज-सज्जा की गई थी। इसके साथ ही नगर के प्रमुख बाजारों में नगर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के द्वारा, संगठनों द्वारा एवं संघों द्वारा जुलूस का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया। जिसमें पुष्प वर्षा द्वारा गांधी चौराहे पर नगर परिषद प्रतापगढ़ की ओर से भव्य चल समारोह में सम्मिलित सभी जैन धर्मावलंबियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। सूरजपोल दरवाजे पर भूपेंद्र चिप्पड़ द्वारा प्रभु की भक्ति प्रभु के समक्ष अमर बुलाते हुए की गई जो बहुत ही आनंददायक और अवर्णनीय थी। चल समारोह के संयोजक सकल जैन युवा मंच के अध्यक्ष अर्पित सालगिया ने बताया कि लोगों का उत्साह, उमंग और प्रभु के प्रति श्रद्धा और भक्ति मन में हिलोरे ले रही थी। नगर के मुख्य बाजार सदर बाजार में आकर्षक साज-सज्जा की गई थी। जहां तोपों के द्वारा झिलमिलाते सितारों की वर्षा से इस भव्य एवं विशाल चल समारोह का सकल जैन युवा मंच के द्वारा स्वागत किया गया। प्रभु महावीर के जयकारों से धरती और अंबर को गुंजायमान करते हुए बैंड की धुनों पर प्रभु के भक्तों द्वारा भक्ति नृत्य गरबा प्रस्तुत किए गए। पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों में एवं महिला केसरिया परिधान पहनकर के जैन समाज की एकता को प्रदर्शित करते हुए इस चल समारोह की शोभा में अभिवृद्धि कर रहे थे। श्री गुमान जी के मंदिर पर पहुंचकर के यह चल समारोह संपन्न हुआ जहां चांदमल जी सालगिया एडवोकेट परिवार की ओर से प्रतिवर्ष अनुसार चल समारोह में सम्मिलित सभी धर्मावलंबियों को मुंह मीठा कराते हुए प्रभावना वितरण की गई। महोत्सव समिति के सह संयोजक अंबालाल चंडालिया ने बताया कि इसके बाद जिला चिकित्सालय अनाथ आश्रम,तपस सेवा केंद्र पर फल एवं बिस्किट वितरण तथा गौशाला में गायों को घांस एवं गुड़ खिलाने का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसके लाभार्थी अनिल कुमार छगन लाल पतंगिया परिवार, जैन सकल जैन युवा मंच, दिगंबर जैन सोश्यल ग्रुप आदि ने लाभ लिया।
सुबह साढ़े 11 बजे से श्री जैन बोर्डिंग में महावीर जयंती नवकारसी समिति एवं सकल जैन समाज प्रतापगढ़ की प्रेरणा से इंदर मल गुणपाल विनोद कुमार अशोक कुमार मयंक रिधर्व पटवा परिवार धरियावद वालों की ओर से सकल जैन समाज के नवकारसी स्नेह भोज का आयोजन किया गया। जिसमें नगर वासियों ने पटवा परिवार के अनुरोध पर पहुंचकर के परमात्मा के जन्म कल्याणक का प्रसाद प्रेम पूर्वक ग्रहण किया। सकल जैन युवा मंच के सफल संयोजन में रात्रि में भव्य आकर्षक एवं रंगारंग महावीर डांडिया गरबा महोत्सव तिरंगा चौराहा कुंडलपुर में आयोजित होगा। जिसमें नगर के जैन समाज के लगभग 18 ग्रुप में अपनी भक्ति में प्रस्तुतियां डांडिया गरबा नृत्य देते हुए प्रस्तुत करेंगे। आर्केस्ट्रा पार्टी की मधुर धुन पर सजे-धजे कुंडलपुर में मनोहारी छटा बिखेरते हुए जो रंगारंग, भक्ति मय प्रस्तुतियां प्रदान करेंगे। इस अलौकिक, अद्वितीय एवं अनुपम आनंद तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही है। जिसमें सम्मिलित होने के लिए पूरा समाज रात्रि में कुंडलपुर पहुंचेगा।