प्रतापगढ़. कृषि उपज मंडी में कुछ व्यापारियों में आपसी विवाद हो गया। इसके बाद व्यापारियों और हम्मालों में विवाद के कारण बुधवार को हम्मालों ने विभिन्न मांगों को लेकर तुलाई का कार्य बंद कर दिया। जिससे मंडी में दिनभर कोई कार्य नहीं हो सका। इस दौरान मंडी प्रशासन, व्यापारियों, हम्मालों, किसानों आदि के बीच काफी समझाइश के दौर चले। लेकिन समस्याओं का कोई हल नहीं निकला। ऐसे में दोपहर बाद तहसीलदार और पुलिस उप निरीक्षक कृषि मंडी में पहुंचे। यहां सभी के बीच समझाइश का दौर भी चला। इसके बाद तीन से मंडी में तुलाई का कार्य शुरू हो सका। हालांकि मंडी में बम्पर आवक के कारण मंडी में किसानों समेत सभी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहसीलदार ने बताया कि मंडी कर्मचारियों के अनुसार यहां कृषि उपज मंडी में मंगलवार रात को तुलाई के दौरान दो व्यापारियों में झगड़ा हो गया था। इसके बाद हम्माल के साथ भी झगड़ा हुआ। इसे लेकर बुधवार सुबह हम्मालों ने यहां मंडी में व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर कार्य करना बंद कर दिया। इसकी सूचना पर मंडी कर्मचारी रामेश्वरनाथ, उज्जवल जैन और व्यापारियों ने समझाइश का प्रयास किया। लेकिन कोई बता नहीं बन पाई। कुछ हम्मालों ने यहां व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। इसके साथ ही किसान सत्यदेवसिंह संचई और कई किसानों ने यहां सुधार की मांग की। मंडी को चलाने की मांग को लेकर समझाइश की गई। लेकिन तुलाई का कार्य नहीं चला। इससे किसानों को काफी परेशानी हुई। स्थिति को देखते हुए मंडी सचिव मदनलाल गुर्जर ने उदयपुर से इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। जिस पर तहसीलदार और एएसआई कमलेशकुमार मय जाब्ते के मंडी पहुंचे। जहां वस्तुस्थिति को जायजा लिया। इसके बाद समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंडी में तुलार्ई का कार्य शुरू हो सका।