Raipur: नक्सलवाद की विचारधारा त्यागकर संविधान की राह अपनाने वाले 120 पुनर्वासित युवाओं के दल ने 27 फरवरी को बजट सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर जनतांत्रिक प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने सदन की कार्यवाही को करीब से देखा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा। नवा रायपुर स्थित विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमने सरेंडर करने वाले माओवादियों के लिए एक मज़बूत पुनर्वास नीति शुरू की है, और इसके नतीजे साफ़ हैं। पुनर्वास का निर्णय लेने वाले सभी साथियों का राज्य सरकार हृदय से अभिनंदन करती है। सरकार पुनर्वासित युवाओं की सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखेगी। बता दें कि 120 सदस्यीय इस दल में 66 पुरुष एवं 54 महिलाएं हैं। पुनर्वासित युवाओं का यह समूह तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के तहत रायपुर पहुंचा है, जहां वे शासन-प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओं, कार्यप्रणालियों एवं विकासात्मक पहलों से अवगत हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें : प्रसंगवश: जल ही जीवन है का मिशन मांगे पानी, घरों में नल की टोटियां सूखी