
CG News: धर्ममय वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित राजिम कल्प कुंभ में आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। चक्र महामेरू पीठम के स्वामी दंडी महाराज के सानिध्य में आयोजित सरस्वती यज्ञ में नवकार पब्लिक स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा, राजिम के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं।
यज्ञ स्थल पर विद्यार्थियों ने पूर्ण श्रद्धा और अनुशासन के साथ वैदिक रीति से पूजा-अर्चना की। स्वामी दंडी महाराज ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्ञान और आध्यात्मिकता का समन्वय ही उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर ‘या कुंदेन्दु तुषारहार धवला…’ के मंत्रोच्चार से गूंज उठा। शिक्षकों एवं पालकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती से बुद्धि, विवेक और संस्कार की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। शिक्षा और संस्कार के संगम ने राजिम कल्प कुंभ में (CG News) सरस्वती यज्ञ को बना दिया प्रेरणा का केंद्र।