15 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में लू जैसे हालात के आसार, जानें रायपुर का हाल

Chhattisgarh Heatwave: छत्तीसगढ़ में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, रायपुर में 41.2°C दर्ज किया गया है और अगले 24 घंटों में कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

2 min read
Google source verification
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में लू जैसे हालात के आसार, जानें रायपुर का हाल(photo-patrika)

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में लू जैसे हालात के आसार, जानें रायपुर का हाल(photo-patrika)

Chhattisgarh Heatwave: छत्तीसगढ़ का मध्य क्षेत्र अब तेज गर्मी की चपेट में आ चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। मंगलवार को राजधानी रायपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Chhattisgarh Heatwave: मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेज

रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है। इन इलाकों में तापमान लगातार 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि बस्तर और सरगुजा संभाग में अभी गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन महीने के अंतिम दिनों में यहां भी तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ी तपिश

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में भी पारा ऊपर चढ़ा है और आने वाले समय में इसमें और इजाफा होने की संभावना है। मध्य क्षेत्र में औसत तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जो लू जैसी स्थिति बनने का संकेत है।

अगले 24 घंटे अहम, लू चलने की संभावना

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले दिनों में यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मौसम प्रणाली का असर

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश में इस समय कई मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिणी असम से तमिलनाडु तक फैली हुई है, जबकि दूसरी द्रोणिका 89 डिग्री पूर्व में प्रभावी है। इसके अलावा कर्नाटक और उससे सटे महाराष्ट्र क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवात भी बना हुआ है। इन सभी प्रणालियों के संयुक्त असर से प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे गर्मी का प्रभाव तेज हो गया है।

बीते 24 घंटे का मौसम हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। वहीं आज (15 अप्रैल) राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को खासा परेशान कर सकती हैं।

सावधानी जरूरी: विशेषज्ञों की सलाह

गर्मी और संभावित लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के व सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ में गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है और मध्य क्षेत्र में तेजी से बढ़ता तापमान आने वाले दिनों में लू जैसी स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना सकता है।