
NDPS केस में पुलिस को बड़ी सफलता! अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा, फरार दो आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार(photo-patrika)
NDPS case Raipur: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में नशीली दवाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले में पुलिस ने ओडिशा से दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी 28 जनवरी की कार्रवाई के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि वे पहले से गिरफ्तार आरोपी मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित टैबलेट ‘नाइट्रोसन’ की सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और लगातार नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी।
मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को तिल्दा नेवरा पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी मधु मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा, प्रतिबंधित टेबलेट ‘नाइट्रोसन’, 1,87,000 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक टैबलेट और तीन बटनदार चाकू बरामद किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 41.75 लाख रुपये आंकी गई थी।
जांच के दौरान इस मामले में ओडिशा कनेक्शन भी सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी प्रणब कुमार नाइक (जिला कालाहांडी) और सफीकुल रहमान (जिला नुवापाड़ा) इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे और लंबे समय से फरार थे। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब इस पूरे गिरोह की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियों के जरिए ऐसे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में अभियान को और तेज किया जा रहा है।
Updated on:
15 Apr 2026 11:27 am
Published on:
15 Apr 2026 11:26 am
