रायसेन. भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रायसेन में आयोजित कार्यक्रम का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब महान विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया और वंचित वर्गो को समाज की मुख्य धारा में जोडऩे के लिए अतुलनीय संघर्ष किया। चौधरी ने कहा कि समाज में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व होना जरूरी है। सभी डॉ. अम्बेडकर के पद चिन्हों, उनके आदर्शो पर चलकर उन्हें श्रृद्धांजली अर्पित करें।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन समाज को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए समर्पित कर दिया। बाबा साहेब ने सर्व समाज के उत्थान के लिए काम कियाए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका सपना था कि गरीब से गरीब व्यक्ति को मुख्य धारा से जोड़ा जाए, तभी सही मायने में देश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, भजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, कलेक्टर अरविंद दुबे तथा पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। डॉ चौधरी ने सांची स्थित बस स्टैण्ड परिसर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
–
समता, समानता की दिशा में बढ़ रहा देश
बेगमगंज. नगर में बाबा साहेब की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को विधायक रामपाल सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर नपाध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोसी, सुरेश ताम्रकार, अजय जैन, अजय जाट, ओमकार यादव, महेश साहू, गुलाब रजक, राजीव, अंशुल दुबे आदि मौजूद थे।