सागर. मप्र अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया। विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। मोर्चा के जिला अध्यक्ष चुरामन रैकवार एवं जिला संयोजक आलोक गुप्ता ने कहा कि हमारा चार चरणों में प्रदर्शन जारी है। दो चरणों में हम स्थानीय विधायक एवं सांसद को ज्ञापन सौंप चुके हैं। तीसरे चरण में कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद 16 फरवरी से भोपाल में प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन अनशन एवं हड़ताल करेंगे। हमारी प्रमुख मांगों में कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र लागू किया जाना, पुरानी पेंशन योजना को पुन: बहाल किया जाना, लिपिक संवर्ग को मंत्रालय के समान ग्रेड पे दिया जाना और उनके वेतनमान में सुधार किया जाना है। इस मौके पर संयुक्त मोर्चा संरक्षक पंडित माधव कटारे, लिपिक संघ से नरेंद्र रैकवार, जिला अध्यक्ष गांधाली कदम, दीपक ज्योतिषी, बेनी प्रसाद प्रजापति, छोटू बाबू, मनोज तिवारी, मनीष शर्मा, थान सिंह, रामकुमार तिवारी, हरिओम पांडे, बृज बिहारी उप, यूएस रावत, परमानंद सेन, चंद्र विजय गौर, शेख बसीर, राघवेंद्र सिंह ठाकुर एवं शिवम पचौरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।