सतना। चार साल के लंबे इंतजार के बाद विंध्य की सबसे बड़ी व्यापारिक संस्था विंध्य चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव रविवार को आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे का मतदान हुआ। जिसमें 1051 मत पड़े। इसके बाद बारी थी मतगणना की।
शाम छह बजे मतणगणना शुरू हुई। लेकिन धीमी गति से हुई मतगणना के कारण अध्यक्ष एक सदस्याें की जीत हार के फैसले के लिए व्यापारियों को भारी इंतजार करना पड़ा। आठ घंटे तक चली मतगणना के बाद रात 2:30 बजे निर्वाचन अधिकारी द्वारा परिणाम घोषित किए गए। जिसमें बस आपरेटर सतीश सुखेजा को चेम्बर अध्यक्ष घोषित किया गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी रविशंकर गौरी को कांटे के मुकाबले में 15 वोट से सिकस्त दी।
दिनभर रही गहमा गहमी
चार साल बार आयोजित चेंबर चुनाव में इस बार दो पैनल चुनाव मैदान में उतरे। इस साल पहली बार पैनल गठित होने के तीन दिन के अंदर चुनाव हो गए। जिससे अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य के प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार करने का अधिक समय नहीं मिला। ऐसे में मतदान केन्द्र के बाहर मतदान करने आए सदस्यों को अपने पक्ष में करने सदस्यों ने जमकर पसीना बहाया। इससे मतदान केन्द्र के बाहर दिनभर गहमा गहमी का माहौल रहा।