
प्रथम सत्र में 2133 अभ्यर्थी उपस्थित रहे
सिवनी. जिले में रविवार को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हालांकि परीक्षार्थियों को परीक्षा से पहले लंबी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहली बार थ्री लेयर सिक्योरिटी लागू की गई थी। बायोमेट्रिक जांच, एडमिट कार्ड स्कैनिंग और मेटल डिटेक्टर से तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को केन्द्र के अंदर भेजा गया। जिले में कुल 2783 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। प्रथम सत्र में 2133 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 650 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय सत्र में 2112 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तथा 671 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी। परीक्षा के दौरान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी में परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई। अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर प्रियंका वर्मा भी उपस्थित रही। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित हुई। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक आयोजित किया गया।
न अधिक कठिन था और न ही आसान
परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकतर परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर न अधिक कठिन था और न ही आसान। बता दें कि इस बार परीक्षा ओएमआर पद्धति से संपन्न हुई।
डेढ़ घंटे पहले ही पहुंचना पड़ा परीक्षा केन्द्र
इस बार तीन स्तर की सुरक्षा जांच की वजह से परीक्षार्थियों को केन्द्र पर डेढ़ घंटे पहले ही बुला लिया गया था। परीक्षा को निर्विघ्न, सुव्यवस्थित एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई थी। इसके अंतर्गत बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग तथा एचएचएमडी एवं भौतिक तलाशी की व्यवस्था की गई।