
सिवनी. बालाघाट के वारासिवनी में पदस्थ एवं सिवनी की प्रभारी नगर पालिका अधिकारी(सीएमओ) दिशा डेहरिया के छिंदवाड़ा में नागपुर रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी आवास पर गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ टीम ने छापेमारी की। टीम सीएमओ के घर पर आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मामले को लेकर जांच करने पहुंची है। वहीं टीम नगर पालिका परिषद् सिवनी ऑफिस भी पहुंची। उनके साथ ईओडब्ल्यू की छह सदस्यीय टीम के साथ स्थानीय महिला पुलिसकर्मी भी थी। टीम ने कुछ देर कार्यालय में ही सीएमओ से पूछताछ की और फिर उन्हें लेकर रवाना हो गई। बताया जाता है जांच एजेंसी सीएमओ को लेकर वारासिवनी गई है। इसके बाद छिंदवाड़ा ले जाएगी और उनसे पूछताछ करेगी। उल्लेखनीय है कि दिशा डेहरिया बालाघाट के वारासिवनी में पदस्थ है। लगभग डेढ़ माह पहले ही उन्हें सिवनी का प्रभार भी दिया गया है। जबलपुर से आई 12 सदस्यीय ईओडब्लू की टीम ने सुबह 6 बजे पुलिस बल की मौजूदगी में जांच शुरु की। सीएमओ के घर के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ईओडब्ल्यू टीम को डीएसपी स्वर्णजीत सिंह धामी लीड कर रहे हैं। टीम सीएमओ की प्रॉपर्टी की वेल्युएशन करने में जुटी हुई है। घर से सभी दस्तावेज सहित अन्य प्रॉपर्टी खंगाली जा रही है। वहीं घर के सदस्यों से भी टीम बात कर रही है। इसके अलावा सीएमओ ने छिंदवाड़ा स्थित कामर्शिलय सहित जो अन्य भवन बनाए हैं उसकी भी नाप हो रही है। उल्लेखनीय है कि सीएमओ दिशा डेहरिया पूर्व में छिंदवाड़ा जिले के चांद, हर्रई की भी सीएमओ रह चुकी हैं।