12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी

शिवसेना के साथ ऑटो चालकों ने किया नपा का घेराव, घंटे भर चला हंगामा

नपा कार्यालय परिसर में आधा सैकड़ा ऑटो खड़े कर शुरू किया गया विरोध प्रदर्शन, ने संभाला मोर्चा, बिना अनुमति आंदोलन पर की गई गिरफ्तारी

Google source verification

सीधी। नगर पालिका कार्यालय परिसर में सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब आधा सैकड़ा की संख्या में ऑटो कार्यालय परिसर व सामने जाकर खड़े हो गए। शिवसेना जिला इकाई सीधी के नेतृत्व में ऑटो चालकों ने नपा कार्यालय का ऑटो वाहनों के साथ घेराव शुरू करते हुए नारेवाजी शुरू कर दी। नगर पालिका अधिकारी द्वारा मामले की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक सिटी कोतवाली अभिषेक उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और आंदोलकारियों को कार्यालय परिसर से ऑटो वाहन हटाने की समझाइस शुरू की गई। बात बनती न देख वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया, मौके पर यातायात थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी भी बल के साथ पहुंच गई और कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर खड़े ऑटो वाहनों को व्यवस्थित कर यातायात व्यवस्था सुचारू करने में जुट गई। इधर पुलिस द्वारा लगातार आंदोलन समाप्त करने की समझाइस जारी रही, लेकिन आंदोलन कारी शिवसैनिक व ऑटो चालक मानने को तैयार नहीं थे। जिसके बाद चेतावनी देकर आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

नपा की मनमानी व यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन-
शिवसेना व ऑटो चालकों द्वारा यह विरोध प्रदर्शन नपा की मनमानी और यातायात पुलिस द्वारा ऑटो वाहनों के विरूद्ध की जा रही चालानी कार्रवाई के विरोध में था। आंदोलनकारियों का आरोप था कि नपा द्वारा सोनांचल बस स्टैंड के सामने ऑटो स्टैंड निर्धारित किया गया है, लेकिन उक्त स्थल पर हाथ ठेला व्यापारियों का कब्जा है, नपा द्वारा उन्हें हटाया नहीं जा रहा है। जिससे ऑटो स्टैंड में ऑटो खड़े करने की जगह नहीं है। ऐसी स्थिति में ऑटो चालकों को सोनांचल बस स्टैंड के सामने मुख्य मार्ग पर ऑटो खड़ा कर सवारी लेना मजबूरी बनी हुई है। लेकिन सडक़ पर सवारी लेने के दौरान यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई कर दी जाती है। प्रतिदिन ऑटो वाहनों पर पांच सौ-एक हजार की चालानी कार्रवाई की जा रही है, जिससे गरीब ऑटो चालक परेशान हैं।

घंटे भर चला आंदोलन, बिगड़ी कार्यालयीन व्यवस्था-
ऑटो वाहनों के साथ नपा कार्यालय का घेराव करने से कार्यालयीन व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। आंदोलन दोपहर करीब 2 बजे से शुरू हो गया था। आंदोलन के दौरान आम नागरिक कार्यालय में नहीं जा पा रहे थे। अपरान्ह करीब 3 बजे आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी के बाद ही व्यवस्था पटरी पर आई।

बिना अनुमति आंदोलन पर हुई गिरफ्तारी-
नपा कार्यालय में आंदोलन की सूचना पर पहुंचे नगर निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय द्वारा आंदोलनकारियों को बिना सूचना आंदोलन करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी दी गई। चेतावनी के बाद भी आंदोलन समाप्त नहीं करने पर शिवसेना के प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक पांडेय, जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों व ऑटो चालकों को मिलाकर 23 लोगों को गिरफ्तार करते हुए वज्र वाहन से सिटी कोतवाली ले जाया गया।

सिटी कोतवाली से मुचलके पर किया गया रिहा-
आंदोलन व गिरफ्तारी के दौरान शिवसैनिक व ऑटो चालक इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। सभी ने बिना किसी विरोध गिरफ्तारी दी और कोतवाली परिसर में भी नारेवाजी करते रहे। यहां तहसीलदार गोपद बनास जान्हवी शुक्ला ने पहुंचकर शाम करीब 5 बजे सभी आंदोलनकारियों को मुचलका जमानत पर रिहा किया। रिहा होने के बाद आंदोलकारियों द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम नपा प्रतिनिधि उपयंत्री अशोक मिश्रा को मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा गया।

वर्जन-
शिवसेना के नेतृत्व में शहर के ऑटो चालकों द्वारा बिना पूर्व सूचना व अनुमति के नगर पालिका का ऑटो वाहनों के साथ घेराव किया जा रहा था। सीएमओ नपा की सूचना पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समझाइस व चेतावनी दी गई, नहीं मानने पर सांकेतिक रूप से गिरफ्तारी कर सिटी कोतवाली लाया गया, जहां मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
अभिषेक उपाध्याय, नगर निरीक्षक सिटी कोतवाली

शिवसेना द्वारा आंदोलन के संबंध में अनुमति मांगी गई थी, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। समस्या को लेकर हमारी ऑटो यूनियन से बात चल रही है, लेकिन इस बीच शिवसेना द्वारा अनैतिक तरीके से आंदोलन कर दिया गया। इस आंदोलन में शहरी ऑटो के बजाय ग्रामीण अंचलों के ऑटो शामिल किये गए थे। हम तो ऑटो वाहनों की व्यवस्था बनाने में जुटे हैं।
मिनी अग्रवाल, सीएमओ नपा सीधी