24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी
डेम्हा गांव में फैला हैजा, कोल परिवार के एक दर्जन से अधिक सदस्य प्रभावित
Play video

डेम्हा गांव में फैला हैजा, कोल परिवार के एक दर्जन से अधिक सदस्य प्रभावित

आठ लोगों को जिला अस्पताल कराया गया भर्ती, गांव में पहुंचा महामारी नियंत्रण दल, स्वास्थ परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का किया गया वितरण
Google source verification

सीधी। मौसम के उतार चढ़ाव के कारण खान पान में लापरवाही से लोग उल्टी दस्त के चपेट में आ रहे हैं। जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम डेम्हा में कोल परिवार के एक दर्जन से अधिक लोग हैजा के चपेट में आ गए। इनमें से आठ लोगों की हालत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार के बाद स्वास्थ में सुधार बताया गया है। तीन लोगों को छुट्टी भी दे दी गई है।

डेम्हा गांव की आदिवासी बस्ती में हैजा फैलने की सूचना पर महामारी नियंत्रण दल शुक्रवार की दोपहर गांव में पहुंचा और पीडि़त परिवारों से उनके खान पान के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही बस्ती के सभी लोगों का स्वास्थ परीक्षण किया गया। जो लोग सामान्य उल्टी दस्त से ग्रसित पाए गए उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इन्हें कराया गया भर्ती-
हैजा से प्रभावित डेम्हा गांव के जिन आठ लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनमें संगीता पति राजबहोर रावत (25), मुन्नी पति दादू भाई रावत (50), सुमित्री पति ललऊ रावत (48), अर्जुन पिता अशोक रावत (15), सीमा पिता अशोक रावत (12), सानू पिता सूरज रावत (15), गोरे पिता राजेंद्र कोल (6) तथा शशी पिता सूरज रावत (6) शामिल हैं।

पानी का लिया गया सेंपल-
महामारी नियंत्रक डॉ.माधव पांडेय ने बताया डेम्हा के आदिवासी बस्ती में हैजा फैलने की शिकायत पर हमारी टीम गांव में गई थी, वहां के प्रभावित आठ लोगों को पहले ही जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। बस्ती में सभी का स्वास्थ परीक्षण किया गया है, कुछ लोग सामान्य उल्टी दस्त से ग्रसित मिले हैं, जिन्हें आवश्यक दवाएं व ओआरएस का घोल दिया गया है। जिस ट्यूबल के पानी का लोग पीने के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे, उसका सेंपल लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो पाएगा की पानी की खराबी के कारण तो इस तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हुई।

खान पान में लापरवाही से हुई समस्या-
गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया गया है। उनके पीने का पानी सामान्य रूप से अशुद्ध नहीं दिखा है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि बासी खाना खाने के कारण उन्हें उल्टी दस्त होनो शुरू हुआ और वह हैजा की चपेट में आ गए। फिलहाल सभी के स्वास्थ में सुधार है, बस्ती के लोगों को खान पान में सावधानी बरतने की समझाइस दी गई है।
डॉ.माधव पांडेय, महामारी नियंत्रक सीधी

एक्सपर्ट व्यू…..
हैजा या कोलेरा एक वॉटरबॉर्न डिजीज है। यह दूषित पानी पीने व दूषित खाना खाने की वजह से होता है। बच्चों में हैजा का खतरा सबसे अधिक होता है, और यह चिंता करने का विषय भी है। इस बीमारी में बार-बार उल्टी और दस्त होता है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे बचाव के लिए घर में साफ-सफाई होना अति आवश्यक है। पीने का पानी उबालकर ठंडा करें और इसके बाद पीएं। सब्जियों को पकाने के पहले अच्छी तरह से स्वच्छ पानी से साफ कर लें। और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दूषित व बासी भोजन करने से पूरी तरह से बचें।
डॉ.एसबी खरे, सिविल सर्जन जिला अस्पताल सीधी