सीधी। शहर के कलेक्ट्रेट मार्ग में कॉलेजी छात्रा के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीडि़ता पूनम पिता हजारीलाल गुप्ता निवासी लकोड़ा थाना कमर्जी के अनुसार वह शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। सोमवार की दोपहर कॉलेज से छुट्टी होने के बाद करीब 1.30 बजे वह पैदल ही कलेक्ट्रेट की ओर आ रही थी। तभी रास्ते में गांधी हाई स्कूल के पास लकोड़ा निवासी प्रदुम सिंह बघेल मिला और पुरानी रंजिश को लेकर गाली गलौंज करने लगा। मना करने पर हाथ मुक्का एवं हाथ में लिए क्लच वायर से मारने लगा। छात्रा के साथ मारपीट होते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूनम की सहेलियों व एकत्रित लोगों ने बीच बचाव किया तो प्रदुम जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। मारपीट से छात्रा के शरीर में चोंटे आई, घटना के बाद छात्रा कोतवाली पहुंची, जहां से उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मंगलवार को पीडि़ता परिजनों के साथ सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।