
सीधी। जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरहा के गौतमान बस्ती निवासी दो दर्जन से अधिक परिवार रास्ते की समस्या से परेशान हैं। गुरूवार को रास्ते से प्रभावित दो दर्जन से महिलाएं, बच्चे व पुरूष कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां कलेक्टर से आम रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई।
शिकायत लेकर आए ग्रामीणों में मंजू गौतम, मनतोरिया गौतम, रामसुमिरन गौतम, मुकेश गौतम आदि ने बताया, हमारी बस्ती का पचास वर्ष से अधिक प्रचलित आम रास्ते को सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ सोनी तथा उसके पुत्र कृष्णराज सोन ग्राम रोजगार सहायक झगरहा द्वारा पक्की बाउंड्रीवाल निर्माण कर बंद कर दिया गया है। बारिश के इस मौसम में दो दर्जन परिवार परेशान हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया, पूर्व में भी इसकी शिकायत की गई थी, गत 21 जनवरी को नायब तहसीलदार वृत्त सेमरिया द्वारा अर्थदंड की कार्रवाई करते हुए बेदखली का भी आदेश जारी किया जा चुका है। लेकिन उनके द्वारा न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए आम रास्ता बहाल नहीं किया जा रहा है। न ही प्रशासन द्वारा बेदखली के आदेश पर अमल करते हुए अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया, आवेदन पर आम रास्ता बहाल कराये जाने का आश्वासन दिया गया है, यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होती तो हम सभी परिवार सहित आकर कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ जाएंगे। प्रभावित परिवारों के साथ ग्राम पंचायत की सरपंच निशा संजय पांडेय भी उपस्थित रहीं।
इधर नकझर कला में सडक़ में जुताई कर किया गया आवागमन बाधित-
तहसील बहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत नकझर कला मेें भी बडक़ानार मुहल्ले के लोग आवागमन को लेकर परेशान हैं। आवागमन को लेकर प्रभावित भाईलाल कोल, रामसजीवन कोल, मुुंडा कोल, रवी कोल, जमाहिर कोल, रामबहोर पांडेय, रामदर्शन पांडेय आदि ने बताया, मुहल्ले के लिए जाने वाले वर्षों के प्रचलित रास्ते पर तीन वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा मुरमीकरण कराया गया था, जिससे आवागमन सुगम हो गया था। लेकिन विगत 30 जुलाई को गांव के ही नकछेदी राम पांडेय एवं श्रीनिवास पांडेय द्वारा रास्ते की जुताई करा ली गई, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है। जब इसका विरोध किया गया तो उनके द्वारा कहा गया कि हमारे पट्टे की जमीन है, इसलिए जुताई करवाए हैं। रास्ते की जुताई कराने के बाद अब मुहल्ले के लोगों को निकलने भी नहीं दिया जा रहा है। प्रभावित लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आम रास्ता बहाल कराये जाने की गुहार लगाई है।