3 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी

मोहनिया टनल के अंदर बल्कर में लगी आग

धुआं भरने से मची अफरा तफरी, आधे घंटे में आग पर पाया काबू, वाहनों का आवागमन करना पड़ा था प्रतिबंधित

Google source verification

सीधी। रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 पर बनी मोहनिया घाटी में बनी सिक्स लेन टनल में गुरुवार दोपहर करीब 2:20 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राखड़ लोड कर जा रहे एक बल्कर में अचानक आग लग गई। बल्कर में आग और टनल के अंदर धुएं का गुबार देख चालक और खलासी तुरंत वाहन से बाहर कूद गए और डायल 100 को घटना की सूचना दी। टनल प्रबंधन ने भी सीसीटीवी के जरिए घटना को देख लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मोहनिया चौकी पुलिस और गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोहनिया पुलिस ने चुरहट नगर परिषद से फायर ब्रिगेड बुलाई, जबकि गुढ़ थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र से फायर ब्रिगेड भेजी। टनल में सुरक्षा के मद्देनजर पहले से ही लगे अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर भी आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दोनों फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयास से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बल्कर का टायर और ज्यादातर हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

मोहनिया चौकी प्रभारी सुनील पांडेय ने बताया कि सिंगरौली जिले से राखड़ लोड कर रीवा की ओर जा रहा बल्कर एमपी 19 एचए 5564 टनल के लगभग आधे रास्ते को पार कर चुका था तभी इसमें आग लग गई। आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वाहन चालक स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। कभी वह इंजन से आग लगने की बात करता, तो कभी टायर से।

घंटेभर बाधित रहा यातायात
आग लगने के बाद टनल में धुएं का घना गुबार फैल गया था। इससे सुरक्षा कारणों से टनल के दोनों छोर पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। टनल के प्रवेश और निकासी द्वार पर धुआं स्पष्ट दिखाई दे रहा था। करीब एक घंटे बाद जब आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और धुआं छंट गया, तब जाकर यातायात को फिर से बहाल किया गया।

भारी वाहन के लिए मंगानी पड़ी क्रेन
टनल प्रबंधन के पास 14 टन क्षमता की क्रेन उपलब्ध थी, लेकिन आग से क्षतिग्रस्त बल्कर का वजन 22 से 24 टन था। ऐसे में वाहन को टनल से बाहर निकालने के लिए गुढ़ से एक भारी क्रेन मंगानी पड़ी।

**गुरुवार दोपहर करीब 2.20 बजे राखड़ लेकर जा रहे बल्कर में मोहनिया टनल के अंदर अचानक आग लग गई थी। हादसा रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र का था, लेकिन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गुढ़ पुलिस के साथ आग बुझाने में जुटे रहे। आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से करीब एक घंटे टनल से आवागमन रोक दिया था।
सुनील पांडेय, चौकी प्रभारी, मोहनिया