सीधी। शहर के कोटहा मोहल्ला में गोपालदास मार्ग के किनारे स्थित कबाड़ के गोदाम में मंगलवार की शाम भडक़ी आग पर काबू पाने जमकर मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार की शाम करीब 7.30 बजे लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था, जिस पर पूरी तरह से काबू पाने में सुबह के 6 बज गए। अग्रि हादसे पर काबू पाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की देर रात तक कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी निगरानी करते रहे।
बता दें कि शहर गोपालदास मार्ग में सूखा नाले के किनारे कोटहा मोहल्ले में जिले के सबसे बड़े कबाड़ कारोबारी मुद्रिका पटेल द्वारा गोदाम बनाया गया है। मंगलवार की शाम करीब 7.30 बजे इस कबाड़ के गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। करीब घंटे भर में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जानकारी मिलते ही नगर पालिका का फायर ब्रिगेड व सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
बुझने के बाद भडक़ जाती थी आग-
कबाड़ के गोदाम में प्लास्टिक सामग्रियों की मात्रा काफी ज्यादा थी। ऊपर से पानी की बौछान होने पर आग की लपटे पूरी तरह समाप्त तो हो जाती थी, लेकिन थोड़ी ही देर में आग पुन: विकराल रूप धारण कर लेती थी। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फायर ब्रिगेड का अमला पहले तो समझ नहीं पा रहा था कि ऐसा क्यों हो रहा है। लेकिन बाद में कयास लगाया कि गोदाम में प्लास्टिक की मात्रा ज्यादा होने के कारण यह स्थिति बन रही है। इसके बाद जले हुए मलवे को हटाते हुए एक तरफ से पानी की बौछार करना शुरू किया गया तब कहीं जाकर आग पर पूरी तरह से काबू हो पाया।
छ: फायर ब्रिगेड लगातार बुझाते रहे आग-
भडक़ी आग पर काबू पाने पहने नगर पालिका के एक फायर ब्रिगेड को भेजा गया था, लेकिन आग के विकराल रूप को देखते हुए नपा के तीनों फायर ब्रिगेड आग बुझाने में लगा दिये गए। लेकिन इसके बाद भी भडक़ी आग पर काबू नहीं मिल रहा था। ऐसी स्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नगर परिषद चुरहट व रामपुर नैकिन के साथ ही रीवा जिले से भी एक फायर ब्रिगेड मंगवाया गया। इस प्रकार छ: फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटे तब कहीं जाकर भडक़ी आग में काबू पाया जा सका।
व्यापारियों के साथ रहवासी भी रहे दहशत में-
कोटहा मोहल्ले का यह इलाका व्यापारिक के साथ ही रहवासी क्षेत्र भी है। इसी परिसर मेें दो बाइक एजेंसियों के साथ ही कई दुकाने लगी हुई हैं। वहीं पीछे कॉलोनी के रिहायसी क्षेत्र में लोग परिवार के साथ रहते हैं। कबाड़ के गोदाम में आग का विकराल रूप देख सभी दहशत में थे। कई व्यापारी तो अपने दुकानों व गोदामों का सामान दूसरी जगह शिफ्ट करने में भी जुट गए थे।
निगरानी में डटे रहे कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी-
आग के विकराल रूप धारण करने की जानकारी मिलने पर देर रात करीब 12.30 बजे कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब घंटे भर स्थिति का जायजा लिया, और जब स्थिति कंट्रोल में आ गई तब वह वापस लौटे। इसके अलावा एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा, तहसीलदार जान्हवी शुक्ला, सीएमओ नगर पालिका मिनी अग्रवाल, टीआई सिटी कोतवाली अभिषेक उपाध्याय मौके पर उपस्थित रहकर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आग बुझाने के प्रयासों में जुटे रहे। नगर पालिका के पूरे अमले के साथ ही सिटी कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने आग पर काबू पाने में जमकर पसीना बहाया।
वर्जन-
कबाड़ गोदाम में भडक़ी आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। नपा के स्वच्छताकर्मियों के साथ पूरी टीम रात भर मेहनत करते रही। सुबह करीब 6 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। आग बुझाने में 6 फायर ब्रिगेड लगे थे, जिसमें एक रीवा जिले का था।
मिनी अग्रवाल, सीएमओ नपा सीधी