
सीधी। ऋषिकेश फाउंडेशन के मोगली पलटन द्वारा जेनेरिक दवाओं को लेकर चलाए जा रहे जागरुकता अभियान के तहत इस रविवार को भी शहर में कछुआ चाल रैली का आयोजन किया गया। रैली शहर के गांधी चौराहा से प्रारंभ होकर, अस्पताल तिराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा, कॉलेज-स्टेडियम रोड होते हुए पुन: गांधी चौराहा पहुंचकर समाप्त हुयी।
रैली के विषय में मोगली पलटन के प्रवक्ता रहीस गुप्ता ने बताया, कछुआ चाल साइकल रैली का उद्देश्य जेनेरिक दवाओं के प्रति जनजागरूकता पैदा करना है। जेनेरिक दवाओं को लेकर तमाम किस्म की भ्रांतियां आम जन में व्याप्त हैं। जैसे जेनेरिक दवाएं असरदार नहीं होतीं, इनकी गुणवत्ता ठीक नहीं होती, ये बहुत देर से असर करती हैं, क्यूंकि ये सस्ती हैं आदि। इन्ही भ्रांतियों के समाधान के लिए ऋ षिकेश फाउंडेशन द्वारा मिशन रामबाण चलाया जा रहा है। इस अभियान का असर भी देखने को मिलने लगा है। हाल ही में 30 जुलाई को प्रदेश के उपमुख्य्मंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वल्लभ भवन भोपाल में उच्चस्तरीय बैठक ली है। इस संदर्भ में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है की जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाए। जेनेरिक दवा मेला लगाया जाय, ताकि आम जन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकें। रहीस गुप्ता ने बताया, यह जागरूकता अभियान अगले एक वर्ष तक निरंतर जारी रहेगा।