सीधी। अमिलिया थाना अंतर्गत चमरौहा गांव निवासी प्रौढ़ की संदिग्ध मौत से आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। थाना अमिलिया अंतर्गत अमिलिया-चुरहट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे बाद पुलिस की समझाइश पर चक्काजाम समाप्त हुआ, तब जाकर यातायात बहाल हो पाया।
रात में थी पार्टी-
चमरौहा गांव निवासी चिंतामणि पिता हिम्मत विश्वकर्मा (40) गांव में ही नवीन आवास का निर्माण करा रहा था। निर्माणाधीन मकान के बाहर पॉलीथीन तानकर रहता था। बुधवार की रात्रि को गांव के चार लोगों के साथ मिलकर पार्टी की गई। मकान बनाने में मिस्त्री का काम कर रहा हनुमना निवासी एक युवक भी वहीं रहता था। रात में मिस्त्री खाना खाकर सो गया था, जबकि शेष लोग देर रात तक पार्टी करते रहे। रात करीब 1.30 बजे मिस्त्री की नींद खुली तो वह चिंतामणि को बिस्तर पर नहीं पाया। जिसकी तलाश की गई तो वह खेत में गिरा हुआ पाया गया। उसके चेहरे पर खून लगा था, वह घर जाकर परिजनों को सूचित किया फिर परिजनों द्वारा अमिलिया थाना पुलिस को सूचित किया गया।
डॉक्टरों की टीम से कराया गया पीएम-
गुरूवार सुबह पुलिस द्वारा शव परीक्षण के लिए सिहावल मर्चुरी केंद्र भेज दिया गया। जहां परिजनों द्वारा सिहावल में शव परीक्षण करवाने से इंकार कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम से पीएम करवाने की बात कही गई। जिस पर पुलिस शव को लेकर जिला अस्पताल मर्चुरी केंद्र ला रही थी। जैसे ही शव वाहन अमिलिया पहुंचा वैसे ही ग्रामीणों द्वारा चुरहट-अमिलिया चौराहे के पास चक्काजाम कर दिया गया। जिस पर पुलिस शव को लेकर थाना परिसर में खड़ी कर दी। परिजनों द्वारा हत्या का मामला पंजीबद्ध कर संदेहियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। शव को जिला अस्पताल लाकर दो चिकित्सकों की टीम से पीएम करवाया गया, जिसकी वीडियो ग्राफी भी की गई। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।